सपना चौधरी ने लगाई बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी, मांगा BJP के जीत का आशीर्वाद
वाराणसी, हरियाणवी डांसर और बिगबॉस फेम सपना चौधरी गुरुवार को वाराणसी पहुंचीं और दोपहर बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लिया। माथे पर चंदन लगाए सपना को देखकर लोगों ने उनकी तस्वीरें भी लीं। लोकसभा चुनाव के शुरुआती दौर में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अचानक कांग्रेस से दूरी बनाने को लेकर वह काफी चर्चा में रही हैं।
कांग्रेस से दूरी बनाने के बाद भोजपुरी गायक और नयी दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के लाेकसभा चुनाव के दौरान नामांकन और उनके चुनाव प्रचार के आयोजनों में शामिल होने के बाद काफी चर्चा में हैं। गुरुवार को वाराणसी में उन्होंने एक अस्पताल के निजी कार्यक्रम में भी शिरकत की।
वाराणसी पहुंचीं सपना चौधरी ने गुरुवार को बाबा दरबार में दर्शन पूजन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने काशी आने के असली वजह की जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि बाबा के दरबार में दर्शन पूजन कर लोकसभा चुनाव में भाजपा के सफलता की कामना की है। इस बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की देश में सरकार बनेगी। उन्होंने मतदाताओं से भी देश के लिए वोट करने की अपील की है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह लोकसभा चुनाव के शुरुआत से ही भाजपा के लिए प्रचार कर रही हैं।

