मुंबई , कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए यह कहा कि शहर में फिलहाल स्लम पुनर्विकास परियोजनाओं के तहत 269 वर्ग फुट के मकान मुहैया किए जाते हैं। उन्होंने 500 वर्ग फुट के मकान देने का वादा करते हुए कहा, मैं कह रहा हूं कि 10 दिनों में, लेकिन मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि यह दो दिन में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 100 स्मार्ट शहर विकसित करने की बात करते हैं लेकिन मुंबई पहले से एक स्मार्ट सिटी है और इसकी मजबूती और संभावना को मान्यता देने की जरूरत है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मुंबई शांति और भाईचारे का शहर है, जो देश को दिशा देता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी भारत के संविधान पर हमले कर रही है जो आपकी आवाज है और यह मोदी या (आरएसएस प्रमुख मोहन) भागवत से संबद्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि सीबीआई निदेशक को आधी रात में हटाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि पहली बार आरबीआई के गवर्नर को इस्तीफा देना पड़ा। ‘चौकीदार’ के भारत में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों ने संवाददाता सम्मेलन कर भारत के लोगों के लिए न्याय की मांग की। राहुल ने आरोप लगाया कि मीडिया भी ‘नियंत्रित’ है। महाराष्ट्र में विपक्ष के प्रस्तावित महागठबंधन पर राहुल ने कहा कि जो कोई साथ आना चाहता है, सभी के लिए कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं।
