ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

अनिल देशमुख के वकील पर NCP की महिला कार्यकर्ता से ‘गंदी हरकत’ का आरोप, 4 लोगों पर केस दर्ज

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के वकील पर एक महिला ने ‘गंदी हरकत’ करने का आरोप लगाया है। आरोप लगने के बाद अब इस मामले में केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की महिला कार्यकर्ता हैं। इस मामले में कुल 4 लोगों को आरोपी बनाया गया है। बुधवार को पुलिस ने देशमुख के वकील इंद्रपाल सिंह, एनसीपी कार्यकर्ता मुकेश पुजारी, मणिशंकर चौहान और धनंजय चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन तीनों ने पार्टी की महिला कार्यकर्ता से छेड़खानी की। महिला का आरोप है कि व्हाट्सएप्प पर उन्हें गंदे मैसेज भी भेजे गए। 54 साल की शिकायकर्ता का आरोप है कि अक्टूबर 2021 में इंद्रपाल सिंह ने उनके खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल किया था। इस भाषा का इस्तेमाल पार्टी के एक व्हाट्सएप्प ग्रुप में मैसेज के जरिए किया गया था। उसी महीने तीन अन्य लोगों ने एक पार्टी में उनके साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में शिकायतकर्ता ने राज्य महिला आयोग के पास भी अपनी फरियाद लगाई है। पुलिस ने इस मामले में धारा 354-D समेत कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
बता दें कि पिछले साल मार्च में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के तत्कालीन गृहमंत्री व राकापा नेता अनिल देशमुख के खिलाफ परमबीर सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के लिए चांदीवाल आयोग का गठन किया था। मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक पाए जाने के बाद मार्च में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों से बार व रेस्तरां से हर महीने 100 करोड़ रुपये लेने का टारगेट दिया गया था । केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय इन आरोपों की जांच में लगे हुए हैं।