ठाणेदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

अहमदनगर के बाद अब ठाणे की दो मस्जिदों से मिले 21 विदेशी नागरिक, क्वारंटीन में भेजा गया

निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मरकज में आयोजित जलसे में हिस्सा लेने के लिए गए थे

मुंबई: महाराष्ट्र के अहमदनगर के बाद अब ठाणे पुलिस उन लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जो दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मरकज में आयोजित जलसे में हिस्सा लेने के लिए गए थे। अभी तक पुलिस ने 13 बांग्लादेशी और 8 मलेशियाई नागरिकों का पता लगाया है जो ठाणे जिले के मुंब्रा में कौसा इलाके में दो मस्जिदों में ठहरे हुए थे।
ठाणे पुलिस के मुताबिक इन 21 विदेशी नागरिकों ने दिल्ली के मरकज के आयोजन में हिस्सा लिया था। वहां से ये नवी मुंबई में तबलीगी जमात की मस्जिद में पहुंचे। उसके बाद ये मुंब्रा की दो मस्जिदों में आकर रहने लगे।
ठाणे पुलिस जोन-1 के पुलिस उपायुक्त एसएस बुर्से ने बताया, हमें सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक मुंब्रा की मस्जिद में ठहरे हुए हैं। जांच से हमने पाया कि वो बीते 15 दिन से कौसा की मस्जिद में ठहरे हुए थे। हमें पहले 13 बांग्लादेशी नागरिकों का पता चला था। फिर हमें आठ मलेशियाई नागरिकों के भी कौसा में ही मस्जिद में ठहरने की जानकारी मिली।
बुर्से ने आगे बताया कि हम अपने साथ ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के डॉक्टरों को भी ले गए और मस्जिद में उपस्थित हर व्यक्ति का चेकअप कराया। इसके बाद 21 विदेशी नागरिकों को क्वारंटीन के लिए भेज दिया गया। उनके सैम्पल लेकर टेस्ट के लिए भेजे गए हैं। टेस्ट के नतीजे आने पर ही पता चलेगा कि उनमें से कोई Covid-19 पॉजिटिव है या नहीं।
बता दें कि मंगलवार को अहमदनगर जिला पुलिस ने तीन मस्जिदों के ट्रस्टियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। ये मस्जिदें जिले के नेवासा, जमखेड और मुकंदनगर इलाकों में मौजूद थीं। यहां 29 विदेशी नागरिकों को रखा गया था। ट्रस्टियों ने इनके बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी थी। ये इसलिए और भी अहम है कि इन विदेशी नागरिकों में से दो Covid-19 पॉजिटिव पाए गए। इन सब 29 विदेशी नागरिकों ने भी दिल्ली के मरकज में तबलीगी जमात के आयोजन में हिस्सा लिया था। ये लोग दिल्ली से अहमदनगर आने से पहले तमिलनाडु गए थे।

सूचना देने पर पीटा, मजिस्ट्रेट पर हमला
दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले लोगों की जानकारी कथित तौर पर ग्रामीण अधिकारी को देने के मामले में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी। उधर, असम के बजाली जिले के एक बाजार में लॉकडाउन लागू करवा रहे एक मजिस्ट्रेट की कार पर दो लोगों ने बृहस्पतिवार को हमला कर दिया जिसमें अधिकारी का चालक जख्मी हो गया। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।