दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

आदेश कुमार गुप्ता को मिली दिल्ली बीजेपी की कमान, मनोज तिवारी ने दी बधाई!

नयी दिल्ली: दिल्ली से सांसद और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। उनके बाद अब आदेश कुमार गुप्ता को ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। सांसद मनोज तिवारी ने इस फैसले के बाद बयान दिया है। उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी है साथ ही साथ दिल्लीवासियों से क्षमा भी मांगी है।
दरअसल बीजेपी ने जिस मकसद से उन्हें अध्यक्ष बनाया था, वह पूरा होता नहीं दिखा। माना जाता है कि पूर्वांचली वोट को खींचने के लिए बीजेपी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी, फिर भी बीजेपी को दिल्ली में दो बार करारी हार का सामना करना पड़ा।
मनोज तिवारी ने ट्वीट करते हुए लिखा है- दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इस 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला उसके लिए सभी कार्यकर्ता,पदाधिकारी व दिल्लीवासियों का सदैव आभारी रहूँगा…जाने-अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना…नए प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता को असंख्य बधाईयां।

गौरतलब है कि मनोज तिवारी को 2016 में दिल्ली बीजेपी की कमान सौंपी गई थी. 2017 में बीजेपी ने मनोज तिवारी के नेतृत्व में एमसीडी चुनाव जीता था। इसी साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। तिवारी ने विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार के बाद इस्तीफे के पेशकश की थी। तब पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। हालांकि, तभी से माना जा रहा था कि पार्टी दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा बदलेगी।

नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी जी, नड्डा जी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभारी हूं, जिन्होंने मेरे जैसे एक विनम्र पार्टी कार्यकर्ता को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया है। कोरोना संकट के मद्देनजर पार्टी बेस का विस्तार और सशक्त करना चुनौतीपूर्ण होगा।

कौन हैं आदेश कुमार गुप्ता?
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले आदेश कुमार गुप्ता छत्रपति साहूजी महाराज यूनिवर्सिटी कानपुर से साल 1991 में बीएससी की डिग्री हासिल की थी। उनकी राजनीतिक छवि साफ-सुथरी है। अपने चुनावी हलफनामे में आदेश गुप्ता ने बताया था कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक केस नहीं है और उनका पेशा ठेकेदारी है। आदेश गुप्ता एक वक्त में ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे। आदेश कुमार गुप्ता एक साल पहले तक उत्तर-दिल्ली के महापौर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है। मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने जमीनी और दिल्ली से जुड़े नेता को अध्यक्ष पद सौंपा है, जिसकी मांग काफी वक्त से चल रही थी।

Image