ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: 27 दिन बाद हुई आर्यन की रिहाई! जेल से घर पहुंचे आर्यन, मन्नत में दिवाली

मुंबई: क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान की 27 दिन बाद आखिरकार जेल से रिहाई हो गई है। वे आज सुबह 11 बजे आर्थर रोड जेल से बाहर आए। उन्हें लेने के लिए शाहरुख खान खुद आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। शाहरुख की Range Rover गाड़ी जेल के गेट पर लगी थी और आर्यन जेल के गेट से निकलकर सीधे गाड़ी में बैठ गए। शाहरुख का काफिला लीलावती अस्पताल के रास्ते होते हुए 11.30 बजे ‘मन्नत’ यानी उनके घर पहुंच गया। यहां गाजे-बाजे और आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया गया है। वहीं मन्नत बाहर फैंस की भारी भीड़ मौजूद है। जिसे काबू में रखने के लिए पुलिस मुस्तैद है।बड़ी संख्या में यहां एकत्रित फैंस अपने-अपने तरीके से सेलिब्रेट कर रहे हैं। कोई शाहरुख के गानों पर बाजा बजा रहा है तो कोई बैंड बाजे के साथ पहुंचा है।
बता दें कि आज सुबह 5.30 बजे जब आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी खोली गई, तो सबसे पहला नाम आर्यन का था। जिसके बाद उनके जमानत के कागज जेल के अंदर पहुंच गए। वहीं आर्यन के दोस्त अरबाज की रिहाई शाम तक हो पाएगी। अरबाज के पिता असलम मर्चेंट ने खुद ये जानकारी दी।

…तो शुक्रवार को ही हो जाती आर्यन की रिहाई!
शुक्रवार को आर्यन की रिहाई में एक्ट्रेस जूही चावला की एक फोटो भी रोड़ा बनी। दरअसल, हुआ ये कि आर्यन खान की जमानती बनने गईं एक्ट्रेस जूही चावला जैसे ही अदालत में पहुंचीं तो क्लर्क ने बताया कि फॉर्म में उनकी पासपोर्ट साइज फोटो नहीं लगी है। इसे लाने में 20 मिनट से अधिक समय लग गए। जूही चावला मलाबार हिल्स इलाके में रहती हैं और यह सेशंस कोर्ट के बेहद करीब है। माना जा रहा है कि जूही की तस्वीर उनके घर से मंगवाई गई और फिर उसे फॉर्म में चिपकाने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू हुई। इसलिए आर्यन को शुक्रवार की रात जेल ही बितानी पड़ी।
वैसे बॉम्बे हाईकोर्ट से आर्यन को गुरुवार को ही जमानत मिल गई थी, लेकिन शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक उनकी रिहाई का ऑर्डर जेल अधिकारियों के पास नहीं पहुंच पाया था।

क्रूज से गिरफ्तार हुए थे आर्यन
2 अक्टूबर को आर्यन को मुंबई से गोवा के लिए निकले क्रूज कॉर्डेलिया से पकड़ा गया था। हालांकि, उन्हें 3 अक्टूबर को गिरफ्तार दिखाया गया। पहली बार उन्हें एक दिन और दूसरी बार उन्हें 3 दिन की एनसीबी कस्टडी में भेजा गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर को आर्यन को 21 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरी बार 5 नवंबर तक उनकी हिरासत बढ़ा दी गई थी।