उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

इस दिन विधायकों-सांसदों के साथ सीएम शिंदे अयोध्या जाकर करेंगे रामलला के दर्शन!

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रामनगरी अयोध्या जाने की तैयारी में हैं। शिंदे सभी विधायकों और सांसदों के साथ 9 अप्रैल को अयोध्या में रामलला का दर्शन करेंगे। उसी दिन दर्शन कर वापस मुंबई लौट आएंगे। शिंदे गुट अपने साथ पार्टी का निशान ‘धनुष-बाण’ भी लेकर रामलला के दर्शन करने जाएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, शिंदे गुट के अयोध्या दौरे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी साथ दर्शन कर सकते हैं।
इससे पहले शिंदे मुख्यमंत्री का पद संभालने के ठीक बाद पत्नी और परिवार को लेकर कामाख्या देवी के दर्शन के लिए गए थे। उस वक्त भी शिंदे के साथ इक्का-दुक्का नेताओं को छोड़कर सभी सांसद और विधायक गए थे। एकनाथ शिंदे ने पिछले साल ऐलान किया था कि वो जल्द ही अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने के लिए जाएंगे।
 
सीएम रहते उद्धव ठाकरे भी गए थे अयोध्या 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहते हुए उद्धव ठाकरे भी अयोध्या के दर्शन करने गए थे। वहीं, मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन स्थानीय सांसद बृजभूषण शरण सिंह के विरोध के चलते उन्हें अपना दौरा रद्द करना पड़ा था।
बता दें कि एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे से बगावत के बाद बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। शिंदे के इस अयोध्या दौरे को हिंदुत्व और हिंदुत्ववादी नेता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, शिंदे हमेशा यही कहते रहे हैं कि उनकी सरकार समाज के सभी वर्गों की हैं, जहां सबको न्याय मिलेगा।