उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलीं प्रियंका गांधी, मीडिया से बोलीं- परिवार पर एक साल से हो रहा है जुल्म

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे हैं…

उन्नाव: दरिंदगी का शिकार हुई उन्नाव की बेटी की ईलाज के दौरान मौत हो गई। आग के हवाले की गई बलात्कार पीड़िता ने शुक्रवार देर रात यहां सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधानसभा के बाहर धरने पर बैठ गये हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पीड़िता के परिवार मिलने के लिए उन्नाव पहुंचीं हैं। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रमोद तिवारी, अन्नू टंडन आदि भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी लखनऊ में बीजेपी कार्यालय के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेसी विधानसभा के गेट नंबर एक पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। कांग्रेस एमएलसी दीपक समेत अन्य कांग्रेसियों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। कांग्रेसी विधान भवन के सामने से हटकर जीपीओ गांधी प्रतिमा तक पहुंच गए। जिसे देखते हुए बीजेपी कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पीड़िता के परिजनों ने प्रियंका गांधी को बताया कि एक साल में आरोपियों ने उनके पूरे परिवार को प्रताड़ित किया है। वहीं प्रियंका ने परिवार को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई लड़ेगी।
मिली जानकारी के अनुसार मुलाकात में प्रियंका ने पीड़ित परिवार को खुद अपना मोबाइल नंबर दिया है, जिससे वह उनसे सीधे संपर्क कर सकें।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, पूरी तरह से परिवार को प्रताड़ित किया है। 9 साल की बच्ची को स्कूल जाने से धमकाया गया। इसी साल जून में परिवार की खेती जला दी गई।प्रियंका गांधी ने कहा कि मैंने सुना है कि प्रधान भाजपा से जुड़े हुए हैं। हो सकता है कि उनकी रक्षा की जा रही है। क्योंकि पहले भी ऐसा होता रहा है। प्रियंका ने कहा कि लेकिन इस मामले में राजनीतिक मामला न बनाते हुए हम प्रशासन, शासन से कहना चाहते हैं कि देखें इस तरह की घटनाएं रोज-रोज क्यों हो रही हैं? आरोपी पीड़ित परिवार को घ्रर में घुसकर मारते-पीटते हैं। बच्चों को स्कूल जाने से धमकाते हैं। ऐसा क्यों होता है?

इससे पहले पीड़िता की मौत पर गहरा दुख जताते हुए प्रियंका ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की। गांधी ने ट्वीट किया- ”मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह उन्नाव पीड़िता के परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत दे”।

प्रियंका गांधी राजनीति कर के चली जाएं, फिर पीड़ित परिवार से मिलूंगा: साक्षी महाराज
इस बीच बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पीड़ित परिवार से मुलाकात करने का वक्त नहीं मिला। मैं लखनऊ में था, अभी-अभी उन्नाव पहुंचा हूं। बीजेपी सांसद ने कहा कि प्रियंका गांधी राजनीति कर के चली जाएं, फिर मैं पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जाऊंगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं आज (शनिवार) ही पीड़ित परिवार से मुलाकात करूंगा। पीड़ित परिवार के साथ हमारी गहरी संवेदना है। बीजेपी सांसद ने कहा कि यह घटना बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

मायावती ने की पीड़िता को शीघ्र न्याय दिए जाने की मांग
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आग के हवाले की गई उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए शनिवार को अपील की कि उत्तर प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शीघ्र पहल करे। मायावती ने ट्वीट किया- ‘‘जिस उन्नाव बलात्कार पीड़िता को जलाकर मारने की कोशिश की गई, उसकी कल रात दिल्ली में हुई दर्दनाक मौत अति-कष्टदायक है। इस दुःख की घड़ी में बसपा पीड़ित परिवार के साथ है।”