ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

उल्हासनगर: कचरे में फेंके मिले सौ से अधिक मतदाता पहचान पत्र!

ठाणे: ठाणे जिले के उल्हासनगर इलाके में 100 से अधिक मतदाता पहचान पत्र कचरे में फेंके हुए मिले हैं। इसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पहचानपत्र पर काली-सफेद (ब्लैक एंड ह्वाइट) तस्वीरें होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी पहचान पत्र पुराने हैं। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पहचान पत्र किसने फेंके इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि म्हारल गांव में शनिवार को 117 मतदाता पहचान पत्र फेंके हुए मिले। जिस इलाके में मतदाता पहचान पत्र फेंके हुए थे वह उल्हासनगर विधानसभा क्षेत्र में आता है। ठाणे जिले में मतदाता पहचानपत्र के पुनर्निरीक्षण की प्रक्रिया 21 जनवरी से शुरू होनी है। इसलिए आशंका है कि फेंके मतदाता पहचान पत्र फर्जी हो सकते हैं। हालांकि अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। फेंके गए पहचानपत्रों के जरिए मतदाता सूची में नाम तलाशे जा रहे हैं। अधिकारी इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि क्या फेंके गए मतदाता पहचान पत्र का मतदाता सूची का जल्द शुरू होने जा रही पुनर्निरीक्षण प्रक्रिया से कोई लेना देना है। पुलिस और जिला प्रशासन मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।