दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रराजनीतिशहर और राज्य

बेहद दुखद खबर: केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक की पत्नी और पीए की सड़क हादसे में मौत! श्रीपद की हालत स्थिर

नयी दिल्ली: केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक की कार सोमवार को उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला तालुक में यल्लापुरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसे में श्रीपद की पत्नी विजया नाइक और उनके पीए की मौत हो गई है, जबकि इलाज के बाद घायल श्रीपद की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह सचेत हैं। सभी को गोवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्रीपद नाइक केंद्र में आर्युवेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होमियोपैथी मंत्रालय के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री हैं।

खाई में गिरी कार, चार लोग थे सवार
मिली जानकारी के मुताबिक, श्रीपद नाइक अपने परिवार के साथ कार से येल्लापुर से गोकर्ण जा रहे थे। उनकी कार उत्तर कन्नड जिले के अंकोला तालुका के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नाइक की कार होसाकंबी घाट के पास खाई में गिर गई। कार में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे। इस घटना में नाइक की पत्नी विजया नाइक और मंत्री के पर्सनल सेक्रटरी (PS) दीपक की मृत्यु हो गई।

मूल रूप से गोवा के रहने वाले नाइक अपनी पत्नी विजया के साथ गोकर्ण जा रहे थे। येल्लापुर से गोकर्ण के बीच उनके ड्राइवर ने कार से कंट्रोल खो दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद श्रीपद नाइक की पत्नी विजय नाइक बेहोश थीं और उन्हें काफी देर तक होश नहीं आया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में श्रीपद के पीए की भी मौत हो गई है। वहीं मंत्री श्रीपद नाइक और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। नाइक गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। नाइक उनके परिवार के चार सदस्यों ने सुबह येल्लपुर स्थित गणपति मंदिर में पूजा की थी।

मंदिरों में दर्शन करके लौट रहे थे मंत्री
श्रीपद नाइक और उनकी पत्नी सोमवार सुबह उत्तर कर्नाटक के येल्लापुर गए थे। वहां उन्होंने गणपति मंदिर, कवादिकरे मंदिर, पंडवासी ग्राम दीवी मंदिर और ईश्वरा मंदिर में दर्शन किए थे। इन मंदिरों में नाइक और उनकी पत्नी ने गणवाहन अनुष्ठान करके विशेष पूजा की थी। वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।

शोक की लहर
नाइक की पत्नी की मृत्यु की खबर मिलते ही शोक-संवेदनाओं का तांता लग रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा-‘हादसे में विजया नाइक के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। माननीय केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उम्मीद है कि ईश्वर उन्हें और उनके परिवार को इस नुकसान से उबरने की ताकत देंगे।’

वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी श्रीपद नाइक की पत्नी की मृत्यु पर शोक प्रकट किया और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात करके वहां केंद्रीय मंत्री के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने को कहा है। राजनाथ ने कहा कि जरुरत पड़ने पर आयुष मंत्री को तुरंत दिल्ली के रवाना किया जाए। सीएम प्रमोद सावंत केंद्रीय मंत्री से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं।
कांग्रेस विधायक आरवी देशपांडे ने इसे लेकर ट्वीट किया- ‘केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के हादसे और उनकी पत्नी के निधन की खबर सुनकर शोक में हूं। उनके परिजनों और मित्रों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। श्रीपद नाइक के स्वास्थ्य में जल्द सुधार की कामना करता हूं।’