दिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रराजनीतिशहर और राज्य

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय के विवादित बोल, कहा- ISI से मिल रही भाजपा को फंडिंग

नयी दिल्ली, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। दिग्विजय ने रविवार को भाजपा और बजरंग दल पर हमला बोलते हुए विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा और बजरंग दल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से फंडिंग मिलती है। दिग्विजय यहीं नहीं रूके उन्होंने इस दौरान ये भी कहा कि मुसलमानों से ज्यादा गैर-मुसलमान आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआइ द्वारा जारी एक वीडियों में दिग्विजय सिंह कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने कहा कि बजरंग दल और भाजपा आईएसआई से पैसा ले रहे हैं, इस पर थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। आईएसआई के लिए मुसलमान कम गैर मुसलमान ज्यादा जासूसी कर रहे हैं। इस बात को समझा जाना चाहिए।
बता दें कि दिग्विजय के इस बयान से कांग्रेस पार्टी की मुसीबत और बढ़ सकती है। इससे पहले राहुल गांधी द्वारा कश्मीर पर दिए बयान के बाद उन्हें काफी फजीहत झेलनी पड़ी थी। बाद में राहुल को सफाई भी देनी पड़ी। ऐसे में दिग्विजय के इस बयान के बाद कांग्रेस की चौतरफा आलोचना तय है।

शिवराज सिंह चौहान बोले- दिग्विजय सिंह जानबूझकर ऐसी बयानबाज़ी करते हैं। वह और उनके नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। उनकी विश्वसनीयता बची नहीं है। मैं उनके बयान को इसलिए गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि सारा देश संघ और भाजपा की देशभक्ति से परिचित है, हमें दिग्विजय जी के प्रमाण की ज़रूरत नहीं है।

दिग्विजय का विवादों से गहरा नाता
दिग्विजय सिंह का विवादों से गहरा नाता है। इससे पहले उन्होंने फरवरी में हुए पुलवामा हमले को लेकर भी विवादित बयान दिए थे। उन्होंने इस हमले को ‘दुर्घटना’ बताया था जिस पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी। उन्होंने इस दौरान कहा था कि पुलवामा दुर्घटना के बाद हमारी वायुसेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक को लेकर कुछ विदेशी मीडिया में संदेह पैदा किया जा रहा है, जिससे हमारी भारत सरकार की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। यही नहीं दिग्विजय का कई बार आतंकियों के प्रति मोह भी देखने को मिल चुका है। उन्होंने ओसामा बिन लादेन और हाफिज सईद को जी कहा था।