चुनावी हलचलदिल्लीराजनीति

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर संभाला पदभार

नयी दिल्ली, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचकर पदभार संभाला। उन्हें महासचिव-प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया गया है। प्रियंका शाम करीब साढ़े चार बजे 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं। उससे पहले वह अपने पति रॉबर्ट वाड्रा को ईडी दफ्तर छोड़ने गईं, जहां उनसे मनी लॉन्ड्रिंग केस के सिलसिले में पूछताछ हो रही है। अपने पति को ईडी दफ्तर छोड़ने के बाद प्रियंका वाड्रा सीधे कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं। उनके कांग्रेस मुख्यालय के पहुंचने के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए और ‘प्रियंका गांधी जिंदाबाद’ और ‘प्रियंका नहीं ये आंधी, दूसरी इंदिरा गांधी’ के नारे लगाने लगे। इससे पहले पार्टी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। हाल ही में प्रियंका को महासचिव-प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) और सिंधिया को महासचिव-प्रभारी (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया गया था।