दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के दिल की हुई सर्जरी, बेटे चिराग ने दी जानकारी

नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के दिल की सर्जरी हुई है। यह जानकारी उनके पुत्र और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को एक ट्वीट के जरिए दी।
रामविलास पासवान की सर्जरी को लेकर ही शनिवार की शाम लोजपा संसदीय बोर्ड की बैठक टल गई थी। लोजपा संरक्षक रामविलास पासवान के अस्पताल में भर्ती होने और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में टिकट बंटवारे को लेकर पेंच फंसने से लोजपा पर दोहरा संकट बना हुआ है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान एक महीने से ज्यादा समय से अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार की रात उनके दिल की सर्जरी की गई, जिसकी जानकारी चिराग पासवान ने दी है।
चिराग ने ट्वीट में लिखा- पिछले कई दिनों से पापा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कल शाम अचानक उत्पन हुई परिस्थितियों की वजह से देर रात उनके दिल का ऑपरेशन करना पड़ा। जरूरत पड़ने पर सम्भवत: कुछ हफ्तों बाद एक और ऑपरेशन करना पड़े। संकट की इस घड़ी में मेरे और मेरे परिवार के साथ खड़े होने के लिए आप सभी का धन्यवाद।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री पासवान की बाईपास सर्जरी पहले ही हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि उनको देखने के लिए शनिवार को चेन्नई से भी एक डॉक्टर आए थे।
गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सीटों के बंटवारे को लेकर राजग में अभी तक तस्वीर स्पष्ट नहीं है। उधर, लोजपा संस्थापक और केंद्र सरकार में वरिष्ठ मंत्री रामविलास पासवान के अस्पताल में भर्ती होने से चिराग पासवान को पार्टी के कामकाज के साथ-साथ अस्पताल का भी चक्कर काटना पड़ता है।