ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में 3 पिस्तौल, 14 कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

मुंबई: पूर्वी मुंबई गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में दो व्यक्तियों को 3 पिस्तौल और 14 ज़िंदा कारतूस के साथ शिवाजी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यहां अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी।
एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात को 33 वर्षीय ऑटोरिक्शा चालक हकीउल्लाह खान और 34 वर्षीय कपड़ा दुकानदार आरिफ सैय्यद को धारवी से पकड़ा। उन्होंने बताया कि सैय्यद को खेप देने के लिए खान रफीक नगर इलाके में पहुंचा था, उसी समय दोनों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के रास्ते जौनपुर से हथियार खरीदा करते थे और संदेह है कि उन्होंने कई बार यहां हथियारों की आपूर्ति की होगी।
शिवाजी नगर पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक नवनाथ काले ने बताया कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है, क्योंकि हम उन लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें अतीत में आरोपियों ने हथियार पहुंचाए होंगे। दोनों आरोपियों को कथित तौर पर हथियार रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। शिवाजी नगर पुलिस थाने में वि.स्था.ख.क्र.७७०/२०२२ कलम३,२५ भारतीय हथियार कायदा सह कलम ३७(१) (अ) सह १३५ मपोका के तहत मामला दर्ज किया गया है।