महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

घर से ऑफिस आते-जाते रोज करता था लड़कियों से छेड़खानी, पहुंचा जेल

मुंबई के मुलुंड में गुरुवार को पुलिस ने एक 35 वर्षीय व्यक्ति को महिला के साथ छेड़खानी के आरोप में 7 फरवरी को गिरफ्तार किया था। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जांच की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। इस आरोपी ने पहली बार किसी महिला को नहीं छेड़ा था बल्कि वह लगातार कई महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी कर चुका है। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज देखे तो पाया कि दो फरवरी और मई 2018 में ठाणे के कोपरी क्षेत्र में और 2 जनवरी को नवघर में एक 13 वर्षीय लड़की के साथ भी इसी बाइक सवार ने छेड़खानी की थी!
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी ठाणे निवासी वीरेन शाह है। वह घाटकोपर के एक प्रमुख मॉल में प्रबंधक है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपनी बाइक को सुनसान इलाकों में घुमाता था और अकेले चलने वाली महिलाओं को गंदे तरीके से छुता था। 7 फरवरी को मुलुंड पूर्व में संभाजी मैदान के पास एक महिला ने नवघर पुलिस से छेड़छाड़ की शिकायत की। उसने कहा कि वह रात के खाने के बाद सैर पर निकली थी, तभी एक आदमी बाइक पर आया और उसने उसे गंदी नीयत से छुआ। महिला ने अपने बयान में कहा कि वह मदद के लिए चिल्लाई, जब तक कोई आता वह भाग गया।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान, पुलिस की एक टीम ने आरोपी की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। नवघर पुलिस के एसपी पुष्कराज सूर्यवंशी ने कहा, हमने आरोपी की तलाश शुरू की और ठाणे के कोपरी पुलिस स्टेशन में पहले से दर्ज दो मामलों की पड़ताल भी की। सारे मामले एक जैसे लग रहे थे। बाद में उस व्यक्ति को पहचाना गया जिसने इस साल 2 जनवरी को नवघर में एक लड़की से छेड़छाड़ की थी। टीम ने आरोपी की बाइक के नंबर से उसके घर का पता लगाया और उसके घर ठाणे से उसे गिरफ्तार कर लिया।
परिमंडल सात के पुलिस उपायुक्त अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी रोज घर से ऑफिस जाते और आते समय रास्ते में लड़कियों और महिलाओं के साथ गंदी हकतें करता था। उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।उसके कारनामों से उसकी पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य हैरान हैं। आरोपी को 18 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।