Uncategorisedचुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

चंद्रकांत पाटील बोले- मुंबई मनपा चुनाव में MNS के साथ गठबंधन नहीं

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने साफ कर दिया है कि मुंबई मनपा चुनाव के लिए पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के साथ गठबंधन नहीं करने वाली है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटील ने कहा कि भाजपा ने मनपा चुनाव के लिए मनसे के साथ गठबंधन नहीं करने का फैसला लिया है। अब यह विषय हमारे और राज ठाकरे के लिए समाप्त हो चुका है। इसके पहले राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि शिवसेना को मात देने के लिए भाजपा मनसे के साथ गठबंधन कर सकती है।
बता दें कि शिवसेना का साथ छूटने के बाद भाजपा को एक मित्र दल की तलाश है। मनसे भी अब हिंदुत्व के मुद्दे पर राजनीति करना चाहती है। हाल के कुछ महिनों में मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात व चर्चा हो चुकी है। ऐसे में समझा जा रहा था कि मुंबई मनपा चुनाव के लिए भाजपा व मनसे का गठबंधन होना लगभग तय हो चुका है पर मनसे की प्रांतवाद की राजनीति को देखते हुए भाजपा मनसे से दूरी बनाए रखने में ही अपनी भलाई समझ रही है।
भाजपा मनपा चुनाव में अकेले उतरेगी। आरपीआई जैसे छोटे दलों को साथ जरुर रहेगा। पाटील ने विश्वास जताया कि मुंबई मनपा पर भाजपा की सत्ता होगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव के समय ही हमारा महापौर हो गया होता, लेकिन अमित शाह के कहने पर शिवसेना के लिए यह मौका छोड़ दिया गया था। पाटिल ने दावा कि इस बार मुंबई मनपा चुनाव में भाजपा 117 से अधिक सीटें जीत कर बीएमसी पर अपना झंडा फहराएगी।