नेटवर्क महानगर/जालना
महाराष्ट्र के जालना में एक कार कुएं में गिर जाने से कार में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। यह भीषण हादसा राजूर-टेंभुर्णी रोड के देळेगव्हाण-गाडेगव्हाण शिवार इलाके में हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। कार में सवार सभी लोगों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जाफराबाद तहसील के देळेगव्हाण-गाडेगव्हाण इलाके में मॉर्निंग वॉक करने वालों को बचाने के दौरान चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। हादसे का शिकार हुए लोग गेवराई तहसील के गुंगी गांव के पास स्थित डकले इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें से एक मरीज को इलाज के लिए सुलतानपुर ले जाया जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। मरीज आधे शरीर से लकवाग्रस्त था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
