ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

ठाणे में केबल ऑपरेटर ने ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान, सुसाइड नोट बरामद, 15 लोगों पर केस दर्ज

ठाणे: ठाणे जिले में एक केबल ऑपरेटर की आत्महत्या के मामले में 15 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। सभी पर 45 वर्षीय मृतक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक केबल ऑपरेटर प्रह्लाद नारायण पाटिल ठाणे जिले के संदप गांव में केबल का व्यवसाय करता था।
ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंधारी कांडे ने बताया कि आरोपी व्यक्तियों ने भी गांव में इसी तरह का व्यवसाय शुरू किया था। कथित रूप से सभी पाटिल को परेशान कर रहे थे। 10 सितंबर को पाटिल ने दातिवली और निलाजे स्टेशन के बीच तेज रफ्तार ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस को उसके घर से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने आरोपी व्यक्तियों को इस चरम कदम (आत्महत्या) के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
अधिकारी ने बताया कि पाटिल के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फ़िलहाल, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गयी है। पुलिस मामले की जाँच कर आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।