ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

ठाणे में सरेआम गर्भवती महिला से युवक ने किया यौन दुर्व्यवहार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर से शर्मनाक कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां मुंब्रा इलाके में खुलेआम एक गर्भवती महिला के साथ गंदी हरकत की गई। आरोप है कि पीड़ित महिला का एक अज्ञात युवक ने पीछा किया और कथित तौर पर उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। इस मामले में मुंब्रा पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुंब्रा पुलिस स्टेशन की असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर कृपाली बोर्से ने बताया कि घटना गुरुवार की है। उस समय पीड़िता अपनी ससुराल से मायके जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपी उसका पीछा करने लगा और उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया। बाद में आरोपी महिला को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी युवक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (महिला का शील भंग करने के इरादे से हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग), 354 डी (पीछा करना), 504 (जानबूझकर बेइज्ज़त करना) और 506 (धमकी देना) के तहत केस दर्ज किया गया है।
मुंब्रा पुलिस ने आरोपी का पता लगाने के लिए टीमों का गठन किया। जांच के दौरान घटनास्थल के नजदीक की सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी नज़र आ गया। जिसके आधार पर उसे मुंब्रा के अमृतनगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रही है।