ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

ठाणे स्काईवॉक पर नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

ठाणे: ठाणे के घोड़बंदर रोड के एक स्काईवॉक पर 17 वर्षीय कॉलेज की छात्रा से छेड़छाड़ करना 32 वर्षीय व्यक्ति के लिए महंगा पड़ गया है। 11 अगस्त की सुबह युवक ने पीछे से नाबालिग लड़की को पकड़ने की कोशिश की, तभी लड़की ने उसे दांत काट लिया। वहीं मनचला आरोपी डर गया और वह लड़की को छोड़कर मौके से फरार हो गया। हालांकि, ऐसा करते समय वह स्काईवॉक पर अपनी रंगीन छतरी भूल गया और कुछ देर बाद वह उसे हासिल करने के लिए वापस आ गया।
इससे पहले लड़की ने उसका चेहरा नहीं देखा था, लेकिन जब वह अपनी छतरी लेने के लिए आया तो लड़की ने उसका चेहरा देख लिया था। इसके बाद नाबालिग ने ठाणे में चीतलसर पुलिस को शिकायत की और उसकी पहचान बताई की उसके पास एक रंगीन छतरी है और उसने चमकदार लाल गुलाबी शर्ट पहन रखी है।
पुलिस ने मुखबिरों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए चार दिनों में कथित छेड़छाड़ करने वाले का पता लगाया और गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि 11 अगस्त को ठाणे के मानपाड़ा में आर-मॉल के पास सुबह 6:15 बजे कॉलेज की 17 वर्षीय छात्रा सुनसान स्काईवॉक से कॉलेज जा रही थी, तभी आरोपी दिनेश गौड़ ने पीछे से लड़की को गलत तरीके से छुआ। लड़की डर गई और उसके गले पर चोट लग गई। जब आरोपी ने अपनी पकड़ खो दी तो लड़की को छोड़ दिया और वह स्काईवॉक से भाग गया। हालांकि, इस दौरान उसका छाता स्काईवॉक पर गिर गया, जिसे लेने वह वापस स्काईवॉक पर चढ़ गया और छाता लेकर फिर दौड़ा। लड़की सदमे में थी, इसी दौरान उसने छाता देखा और आरोपी की रंगीन शर्ट पर भी ध्यान दिया। उसने घर जाकर अपनी मां को घटना के बारे में बताया। लड़की के माता-पिता तुरंत उसे थाने ले गए, जहां उसने आपबीती सुनाई।
चीतलसर पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुलभा पाटिल ने कहा है कि लड़की को गौड़ का चेहरा याद नहीं था। हालांकि, उसे उसकी चमकदार लाल गुलाबी शर्ट और एक बहुरंगी छतरी याद थी। हमने पांच टीमों का गठन किया और अपने सभी मुखबिरों को छाता और आरोपी की पोशाक की जानकारी के साथ सक्रिय कर दिया। हमने घोड़बंदर रोड के 35 से अधिक सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। हमें मुखबिरों के माध्यम से रंगीन शर्ट और छतरियों वाले शख्स का पता चला और डोकाली के मनोरमा नगर की झोंपड़ियों में रहने वाले दिनेश गौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया।