ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

डीप क्लीन ड्राइव अभियान सिर्फ सरकार का नहीं बल्कि पूरे मुंबईवासियों का हो गया है : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

मुंबई: शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के वर्ली नाका में स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- ‘डीप क्लीन ड्राइव’ (Mumbai Deep Clean Drive) का चौथा हफ्ता शुरू है। अब यह अभियान सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि पूरे मुंबईवासियों का हो गया।
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, डीप क्लीन ड्राइव के तहत पूरी मुंबई में क्षेत्रवार रूप से सफाई हो रही है, इसमें NGO और स्कूल के बच्चे भी शामिल हो गए और यह अभियान सिर्फ सरकार का नहीं बल्कि पूरे मुंबईवासियों का हो गया है।

बता दें कि मुंबई में शुरू संपूर्ण स्वच्छता अभियान (Cleanliness campaign) का विस्तार पूरे महाराष्ट्र में किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने की। मुख्यमंत्री ने लगातार मुंबई की सड़कों पर उतरकर सफाई अभियान को आगे बढ़ाया। सीएम ने घाटकोपर में तीन स्थानों, चेंबूर, तिलक नगर और वडाला में महाराणा प्रताप चौक जाकर संपूर्ण सफाई अभियान में भाग लिया।
उन्होंने कहा मुंबई में संपूर्ण स्वच्छता अभियान पर मेरा व्यक्तिगत ध्यान है और राज्य सरकार स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त मुंबई के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री शिंदे ने यह भी कहा कि मुंबई में अवैध पार्किंग की समस्या को हल करने के लिए जल्द ही मार्शल नियुक्त किए जाएंगे।

इस मौके पर मुंबई के पालकमंत्री दीपक केसरकर, मुंबई उपनगर के पालकमंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक कालिदास कोलंबकर, विधायक प्रो. मनीषा कायंदे समेत मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी और सफाई कर्मचारी उपस्थित थे।