दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई में तबाही के बाद गुजरात से टकराया तौकते, कंट्रोल रूम पहुंचकर सीएम रुपाणी ने लिया स्थिति का जायजा

मुंबई: चक्रवाती तूफान तौकते का कहर समूचे महाराष्ट्र सहित कोकण क्षेत्र, मुंबई महानगर पर भी नजर आया। तूफान के कारण राज्य में अब तक 6 लोगों की मौत हुई है और 9 लोग घायल हैं। 4 जानवरों की भी मौत हुई है। मुंबई, नवी मुंबई व ठाणे में कई कोविड सेंटर को भी तबाही का शिकार होना पड़ा है।
बता दें कि मुंबई को पिछले वर्ष भी कोरोना काल (कोविड-19) के दौरान ही समुद्री तूफान निसर्ग का भी सामना करना पड़ा था। समूचे कोकण क्षेत्र में तूफान के कारण रविवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। इस दौरान सिंधुदुर्ग जिले के आनंदवाड़ी हार्बर पर दो नावों के डूब जाने की खबर है। दोनों नौकाओं पर सात नाविक सवार थे। इनमें से एक राजाराम कदम को अपनी जान गंवानी पड़ी है। तीन नाविक अभी भी लापता हैं। बाकी तीन सुरक्षित हैं। ठाणे के रेजीडेंट डिप्टी कलेक्टर शिवाजी पाटिल के मुताबिक, नवी मुंबई व उल्हासनगर में भी अलग-अलग घटनाओं में दो लोग मारे गए हैं।
मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे ने तूफान के चलते हुए नुकसान कार्यों का जायजा लिया है। उन्‍होंने तुरंत राहत कार्य तेजी से करने का आदेश दिया है। इस दौरान करीब 13 हजार लोगों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाया गया है। सीएम ने जिला प्रशासन से गिरे हुए पेड़ों, गिरे हुए बिजली के खंभों को तुरंत हटाने और गांवों की ओर जाने वाली सड़कों को भी सही करने का आदेश दिया, ताकि यातायात सुचारु हो सके।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस तूफान के चलते पूरे महाराष्‍ट्र में 2 हजार 542 घर ढह गए हैं और 6 घर पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। इसमें ठाणे जिले में 24 घर, पालघर में 4, रायगढ़ में 1784, रत्नागिरी में 61, सिंधुदुर्ग में 536, पुणे में 101, कोल्हापुर में 27 और सतारा में 6 घर शामिल हैं। चक्रवातीय तूफान ताउते की वजह से महाराष्ट्र और मुंबई के तटीय इलाकों में मौसम खराब है। इस बीच मुंबई से करीब 175 किलोमीटर दूर बॉम्बे हाई फील्ड में सैकड़ों लोग फंस गए हैं। हीरा ऑयल फील्ड्स के पास एक बहती नाव पर कम से कम 273 लोग फंसे हुए हैं। सभी की जान जोखिम में है। इस बीच फंसे लोगों को बचाने के लिए भारतीय नौसेना ने कमर कसी है। मौके पर रेस्क्यू के लिए जहाज भेजा गया। नेवी ने इन लोगों को बचाने के लिए अपने जहाज भेजे हैं। बताया जा रहा है कि पहली नाव मुंबई से करीब 175 किलोमीटर दूर बॉम्बे हाई फील्ड में फंसी है। इन लोगों को बचाने के लिए नेवी ने आईएनएस कोच्चि और आईएनएस तलवार को मौके पर भेजा है।

दूसरी नाव में 137 लोग फंसे
वहीं, दूसरी नाव मुंबई से 8 समुद्री मील दूर फंसी है। इसमें 137 लोग बताए जा रहे हैं। इस नाव में सवार लोगों को बचाने के लिए आईएनएस कोलकाता निकला है। वहीं, नेवी ने तौकते को देखते हुए अपने कई जहाजों को स्टैंडवाय में भी रखा है।

पर्यावरण व पर्यटन मंत्री आदित्‍य ठाकरे ने किया दौरा
आदित्य ठाकरे ने सोमवार को बीएमसी आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ का दौरा किया और चक्रवात तौकते के कारण उत्पन्न स्थतियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महानगर के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अधिकारी हरसंभव कार्य कर रहे हैं। चक्रवात के कारण मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में सोमवार को तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। ठाकरे ने ट्वीट किया- ‘बीएमसी के आपदा प्रबंधन कक्ष का दौरा किया ताकि चक्रवात तौकते से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली जा सके।’ उन्होंने कहा, आपको सुरक्षित रखने के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। अपनी सुरक्षा के लिए घर के अंदर रहें। किसी भी आपात स्थिति के लिए 1916 पर फोन करें।

समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें, बांद्रा सी लिंक बंद
चक्रवाती तूफान की वजह से मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक को अगले आदेश तक आवागमन के लिए बंद रखा गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। चक्रवाती तूफान की वजह से मुंबई में कई इलाकों में सोमवार को भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर तेज हवाओं की वजह से बड़ी संख्या पेड़ गिरे और समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास पानी सड़कों पर आ गया।

मोटरसाइकिल सवार पर गिरा पेड़
नवी मुंबई में मोटरसाइकिल पर जा रहे विशाल नारलकर के ऊपर पेड़ गिर जाने से मौत हो गई, तो उल्हासनगर में आटोरिक्शा पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने से उसमें बैठे दो लोग दब गए। इन दोनों घायलों में से एक की उल्हासनगर सेंट्रल अस्पताल में मौत हो गई।
रायगढ़ जनपद में 1,886 घरों को आंशिक क्षति पहुंचने के एवं छह घर पूरी तरह नष्ट होने की सूचना है। रायगढ़, सिंधुदुर्ग व ठाणे के अलावा उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले में भी दो लोगों के मारे जाने की खबर है। राज्य सरकार में राज्यमंत्री अदिति तटकरे के मुताबिक, तटवर्ती सिंधुदुर्ग व रायगढ़ जिलों में तीन हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जिसके कारण बड़े पैमाने पर जनहानि रोकी जा सकी है।

मुंबई से 56 उड़ानें हुईं रद
चक्रवाती तूफान तौकते के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय विमानतल से कुल 56 उड़ानें रद करनी पड़ी हैं। इनमें 34 उड़ानें मुंबई आने वाली व 22 उड़ानें मुंबई से जानेवाली थीं। रविवार देर रात से मुंबई में हो रही तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण रनवे पर दृश्यता बहुत कम हो गई थी। जिसके कारण सोमवार सुबह 11 बजे से देर शाम आठ बजे तक अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर हवाई यातायात बंद रहा। इस दौरान सात उड़ानों को डायवर्ट भी करना पड़ा।

114 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
मुंबई में तूफान के कारण 114 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती देखी गई, जो पिछले कई वर्षों के रिकार्ड के मुताबिक, सर्वाधिक है। मुंबई के समुद्र में भी ऊंची-ऊंची लहरें उठती देखी गई। महानगर में निचले इलाकों में कई जगह जलभराव की स्थिति का सामना भी करना पड़ रहा है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई के दादर स्थित शिवसेना भवन के पास पेड़ और बिजली का पोल उखड़ गया। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

महाराष्ट्र सरकार पिछले तीन दिनों से सतर्क है: नवाब मलिक
एनसीपी नेता व राज्य सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि तूफान को लेकर महाराष्ट्र सरकार पिछले तीन दिनों से सतर्क है। राज्य आपदा प्रबंधन 24 घंटे काम कर रहा है। सारे जिलों को सतर्क रहने का आदेश दिया गया है। लगातार बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं। बीकेसी के कोविड सेंटर को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। 193 मरीजों जिनमें 73 मरीज आइसीयू में थे विभिन्न अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। इससे पहले रविवार को तेज हवा के चलते झोपड़ी पर पेड़ गिरने से दो बहनों की मौत हो गई थी, जबकि एक महिला घायल हो गई थी।

पीएम मोदी ने की उद्धव ठाकरे से बात
तूफान की वजह से महाराष्ट्र में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से संबंधित स्थिति पर बातचीत की और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह जानकारी महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने दी।

पीएम मोदी ने गुजरात, गोवा के मुख्यमंत्रियों और दमन और दीव के एलजी से भी बात की। इस दौरान उन्होंने राज्यों की तैयारियों और प्रतिक्रियाओं के बारे में जानकारी ली।

कर्नाटक में अब तक 6 लोगों की मौत
कर्नाटक में तेज बारिश से जुड़ीं घटनाओं से अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 121 गांव भी प्रभावित हुए हैं। राज्य में 547 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इन्हें राहत शिविरों में रखा जा रहा है।

गुजरात तट से टकराया तौकते चक्रवात
अरब सागर से उठा तौकते चक्रवात मुंबई में तबाही के बाद अब गुजरात तट से टकराया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसकी लैंडफॉल 2 घंटे चलेगी। इसके असर से गुजरात के कई हिस्सों में तेज बारिश और हवाएं चलने लगी हैं। वेरावल, सोमनाथ, ऊना, कोडिनार में 80 से 130 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हैं। बारिश को देखते हुए अहमदाबाद एयरपोर्ट को मंगलवार तक बंद कर दिया गया है। वहीं, सीएम विजय रुपाणी भी स्थिति का जायदा लेने गांधीनगर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे।