त्रिपुराब्रेकिंग न्यूज़

त्रिपुरा के सीएम बिप्लव देव ने दिया इस्तीफा, नए मुख्यमंत्री के लिए चल रही भाजपा विधायक दल की बैठक

अगरतला: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव ने शनिवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिससे राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार की कमान राज्य में अगले साल होने वाले चुनाव से पहले नए हाथ में सौंपने का रास्ता बन गया है। देव ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर यह कदम उठाया है और पार्टी भविष्य में जो भी जिम्मेदारी देती है उसे वह सहर्ष स्वीकर करेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने के बाद बिप्लव कुमार देव ने शनिवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्या को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद बिप्लव कुमार देव ने कहा कि पार्टी का आदेश सर्वोपरि है। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया।
बता दें कि अप्रैल में ही उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल का चार साल पूरा किया था। शुक्रवार को बिप्लव देव दिल्ली आए थे। आज अगरतल्ला पहुंचने के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया। अब विधायक दल की बैठक में नया मुख्यमंत्री चुना जायेगा। त्रिपुरा में वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव होने वाला हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम आठ बजे तक त्रिपुरा में बीजेपी विधायकों की मीटिंग होने जा रही है, जिसमें नए सीएम के नाम पर फैसला होगा। बीजेपी नेतृत्व की तरफ से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े प्रेक्षकों के तौर पर बैठक में शामिल होंगे।

लेफ्ट का गढ़ ढहा कर भाजपा ने बनाई थी सरकार
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की त्रिपुरा में सरकार बनी थी। तब कई दशक पुरानी लेफ्ट फ्रंट की सरकार को भाजपा ने उखाड़ फेंका था।त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 35 सीटों पर जीत दर्ज की थी। तब सीपीएम 16 सीटों पर सिमट कर रह गयी थी।

सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान की ओर से बिपल्व देव से इस्तीफा मांगा गया था। जिसे लेकर शुक्रवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से बिप्लव कुमार देव ने की थी मुलाकात।

सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान की ओर से बिपल्व देव से इस्तीफा मांगा गया था। जिसे लेकर शुक्रवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से बिप्लव कुमार देव ने की थी मुलाकात।