देश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

दाऊद का भतीजा रिजवान एयरपोर्ट से गिरफ्तार, देश से भागने की कर रहा था कोशिश

पुलिस की एंटी एक्सटॉर्सन सेल ने रिजवान समेत तीन आरोपियों को किया कोर्ट में पेश

मुंबई, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भतीजे रिजवान कासकर को पुलिस ने बुधवार रात एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। वसूली के मामले में लंबे वक्त से पुलिस को उसकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि रिजवान देश छोड़कर भागने की फिराक में था। रिजवान दाऊद के छोटे भाई इकबाल कासकर का बेटा है। गुरुवार को कोर्ट में पेशी से पहले रिजवान और दो अन्य आरोपियों से पूछताछ की गई।
एक अधिकारी ने बताया कि रिजवान कासकर को अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह देश से भागने की कोशिश कर रहा था। कासकर को गुरुवार दोपहर मुंबई पुलिस की ऐंटी एक्सटॉर्शन सेल में लाकर पूछताछ की गई है और उसे कोर्ट में पेश किया गया। कासकर के साथ पुलिस ने दो अन्य लोगों को भी मुंबई से गिरफ्तार किया है। इससे पहले छोटा शकील के करीबी और हवाला लेन-देन के आरोपी अहमद रजा अफरोज वधारिया उर्फ अहमद रजा को मुंबई पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील के खिलाफ जांच करते हुए मुंबई पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली थी। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि वधारिया के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया गया था। वह जैसे ही दुबई से मुंबई पहुंचा, उसे हवाई अड्डे पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
वडारिया अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और छोटा शकील की सलाह पर हवाला का लेन-देन किया करता था। इसके अलावा वह दाऊद इब्राहिम के करीबी फहीम मचमच से भी सीधे तौर पर जुड़ा हुआ था। वधारिया के पास से चार मोबाइल बरामद किये गए हैं, जिसमें कैद आवाज के जरिए वधारिया और मचमच के बीच के कनेक्शन की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस को इस सफलता से अंडरवर्ल्ड के और भी कई राज खुलने की संभावना प्रबल हो गई है।