ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

देवनार में 2,500 किलो से अधिक गोमांस जब्त, पुलिस ने 10 को किया गिरफ्तार

मुंबई: मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गुरुवार को मुंबई पुलिस ने उपनगरीय देवनार में 2,500 किलोग्राम से अधिक गोमांस जब्त किया है। इस मामले में दस लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इस घटना की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी है।
देवनार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक पशु कल्याण संगठन की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने सुबह घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर प्रतिबंधित मांस को जब्त कर लिया। पुलिस ने तीन वाहनों को जब्त किया और मांस के परिवहन में शामिल 10 लोगों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने कहा कि गोमांस कथित तौर पर शफीक टाडा की मदद से मालेगांव से लाया गया था और साजिद कुरैशी के रूप में पहचाने जाने वाले व्यक्ति को दिया जाना था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए गोमांस के नमूने फोरेंसिक लैब में टेस्ट के लिए भेजे जाएंगे। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम, और जानवरों के प्रति क्रूरता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि इससे पहले भी महाराष्ट्र पुलिस ने पालघर के कासा इलाके से 21,018 किलोग्राम गोमांस जब्त किया था। साथ ही इस मामले में तमिलनाडु के दो व्यक्तियों (राजेंद्र और रंजीत कुमार) को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी कथित तौर पर इस गोमांस को एक कंटेनर ट्रक में तमिलनाडु से ठाणे ले जा रहे थे। पालघर पुलिस द्वारा पकड़े गए बीफ की कीमत 20.6 लाख बताई गयी थी।