ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

देवेन भारती बने महाराष्ट्र ATS के चीफ, पुलिस महकमे में हुए कई बड़े फेरबदल

मुंबई, देवेन भारती को महाराष्ट्र एटीएस का नया चीफ बनाया गया है। राज्य सरकार ने बुधवार को पुलिस महकमे में कई बड़े फेरबदल किए हैं। भारती का पिछले महीने जॉइंट सीपी, लॉ ऐंड ऑर्डर से जॉइंट सीपी, ईओडब्ल्यू के पद पर चुनाव नियमों के तहत ट्रांसफर हुआ था। उन्होंने जॉइंट सीपी, लॉ ऐंड ऑर्डर के रूप में करीब चार साल तक काम किया। इतना लंबा कार्यकाल किसी भी पुलिस अधिकारी का नहीं रहा। जब वह क्राइम ब्रांच में थे, तब बतौर डीसीपी और अडिशनल सीपी पांच साल वहां रहे थे। एटीएस में उन्हें अडिशनल डीजी बनाकर प्रमोट किया गया है। सुखविंदर सिंह को फोर्स वन का चीफ बनाया गया है। आशुतोष डुम्बरे को ऐंटी-करप्शन में अडिशनल डीजी के पद पर भेजा गया है। विनीत अग्रवाल को महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा मंडल का नया चीफ बनाया गया है। अनूप कुमार सिंह को भी अडिशन डीजी में प्रमोट किया गया है। अतुल चंद्र कुलकर्णी का सीआईडी, पुणे में ट्रांसफर हुआ है।
अल्ट्रामैन और आयरमैन बने आईपीएस अधिकारी कृष्ण प्रकाश को अब जॉइंट सीपी, ऐडमिन बनाकर मुंबई पुलिस मुख्यालय लाया गया है। राजवर्धन सिन्हा को आर्थिक अपराध शाखा का प्रमुख और संतोष रस्तोगी को मुंबई क्राइम ब्रांच चीफ बनाया गया है। संतोष रस्तोगी लंबे समय तक सीबीआई में रहे। कई साल पहले जब मधुर भंडारकर-प्रीति जैन केस सुर्खियों में था, जब संतोष रस्तोगी उस जोन के डीसीपी थे। अमितेश कुमार का गुप्तवार्ता विभाग में सह आयुक्त के रूप में ट्रांसफर हुआ है। संजीव सिंघल को अपर पुलिस महासंचालक, प्रशासन का पद मिला है।