ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

नवी मुंबई: पिकनिक मनाने गईं चार लड़कियां झरने में बहीं, एक का शव बरामद

मुंबई, एक बार फिर भारी बारिश से मुंबई बेहाल है। शुक्रवार रात से शुरू बारिश शनिवार को भी जारी रही। मौसम विभाग की ओर से रविवार तक के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई है, तीन लापता हैं और एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। इसी बीच मुंबई और आसपास के इलाकों में सड़कें लबालब भर गई हैं और शहर की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। हाई टाइड और जलस्तर बढ़ने से लोकल की सबअर्बन सर्विसेज कुर्ला-सायन फास्ट लाइन और कुर्ला-चूनाभट्टी हार्बर लाइन के बीच रोक दी गई हैं।

जीटीबी नगर हार्बर लाइन पर पिछले दो घंटे से बंद है ट्रेने

झरने में चार लड़कियां झरने में बहीं
नवी मुंबई के खारघर की पांडवकड़ा पहाड़ियों में ड्राइविंग रेंज के नजदीक झरने में शनिवार को दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचीं चार लड़कियां झरने में बह गईं। घटना शनिवार सुबह 11 बजे की है जब पहाड़ी से आते झरने के बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक लड़की का शव बरामद कर लिया है, जिसकी पहचान चेंबूर की नेहा जैन के रूप में हुई है। अभी बाकी तीन लड़कियों की तलाश की जा रही है।

करंट लगने से मौत
उधर, भारी बारिश के दौरान ठाणे के धर्मवीर नगर में 18 साल के संतोष गोले को फ्रिज का प्लग निकालते वक्त करंट लगने से मौत हो गई। ठाणे महानगर पालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल के अध्यक्ष संतोष कदम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संतोष को ठाणे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, ठाणे की ही घोडबंदर रोड स्थित वसंत लीला संकुल में कंपाउंड वॉल गिरने से एक कार दब गई। पालघर जिले के कसा तालुक में वरोटी गांव में उफनाती सूर्या नदी पर बने पुल में 4 मवेशी बह गए।

छत गिरने से एक व्यक्ति घायल
एक अन्य हादसे में मुंब्रा में एक बेकरी की छत गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य के कई इलाकों में भारी जलभराव और तेज बारिश के दौरान बहाव में गाड़ियां ही बह गईं। हालात को देखते हुए ठाणे, रायगड़, पालघर, रत्नागिरी, कोल्हापुर, नंदुरबार, नासिक, गढ़चिरोली जिलों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई।