दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

पंजाब में AAP विधायक को हत्या की धमकी: आरोपी बोला- 2 दिन में गोली मार दूंगा; पुलिस में मचा हड़कंप

पंजाब: पंजाब के लेहरागागा से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक बरिंदर गोयल को जान से मारने की धमकी मिली है। रात को फोन पर किसी आरोपी ने उनसे गाली-गलौज की। उसके बाद धमकाया कि विधायक को गोली मार देगा। विधायक ने तुरंत पुलिस में इसकी शिकायत की। पुलिस ने धमकी देने वाले का मोबाइल नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है।
विधायक बरिंदर गोयल ने बताया कि बीती रात करीब सवा 9 बजे उन्हें एक अज्ञात कॉल आई। फोन उनके पीए राकेश गुप्ता ने उठाया। फोन करने वाले ने पहले उनके नाम पर गाली-गलौज की। इसके बाद कहा कि 2 दिन में विधायक को गोली मार देगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
डीएसपी मनोज गोरसी ने बताया कि विधायक की तरफ से उन्हें सूचना दी गई है। इस मामले में मोबाइल नंबर के जरिए धमकी देने वाले का पता किया जा रहा है। पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

आरोपी के पीछे कोई साजिश: गोयल
विधायक बरिंदर गोयल ने कहा कि उन्हें पहले 1993 में गोली लग चुकी है। वह तब भी नहीं डरे। अब तो उन्हें 60 हजार लोगों ने वोट दिया है, इसलिए वह किसी से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि एक विधायक को धमकी देना किसी की शरारत नहीं बल्कि उसके पीछे कोई साजिश हो सकती है। आरोपी को किसी की शह हो सकती है। अब पुलिस के पास मामला है, वही इसकी जांच करेंगे।