पुणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

पुणे: कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर की सुसाइड की कोशिश, बचाने के चक्कर में साथी पुलिसकर्मी हुआ घायल

पुणे: पुणे के शिवाजीनगर पुलिस मुख्यालय में ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, गोली उसे बचाने का प्रयास कर रहे एक शख्स को लगी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद सीनियर अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और कारणों की जांच कर रहे हैं।

शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के अनुसार, बचाने के प्रयास में कांस्टेबल बेंडाले जख्मी हो गए। मुख्यालय गेट पर सुसाइड का प्रयास करने वाले कांस्टेबल सस्ते और एक महिला कर्मचारी रात की ड्यूटी में तैनात थे। इस दौरान सस्ते और महिला कर्मचारी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इस कदर बढ़ा कि मंगलवार सुबह कांस्टेबल से राइफल से खुद को गोली मारने का प्रयास किया। उन्हें रोकने के चक्कर में बेंडाले घायल हो गए।

पुलिस के आलाधिकारी मामले की जांच में जुटे
जख्मी कांस्टेबल को ससून हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना की खबर मिलते ही शिवाजीनगर मुख्यालय की पुलिस उपायुक्त स्वप्ना गोरे, शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर कोपणर घटनास्थल पर पहुंचे। आत्महत्या के प्रयास को लेकर आधिकारिक कारण अभी तक सामने नहीं आए हैं।