महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

फ्लाइट में महिला यात्री के बगल में बैठकर पॉर्न देख रहा था शख्स, चेतावनी देकर पुलिस ने छोड़ा

चेन्नै, फ्लाइट में महिला यात्री के बगल में पॉर्न देखने के आरोप में एक मुंबई के बिजनसमैन को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाद में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। घटना शनिवार रात को मुंबई से चेन्नै जाने वाली फ्लाइट में घटी। यह फ्लाइट मुंबई से रात दस बजकर 55 मिनट पर उड़ी और रात बारह बजकर 50 मिनट पर चेन्नै पहुंची।
फ्लाइट में मडिपक्कम निवासी एक महिला अपने बच्चे के साथ शहर वापस लौट रही थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बगल की सीट पर बैठा शख्स मोबाइल फोन पर पॉर्न देख रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि वह शख्स बार-बार मोबाइल फोन उसकी तरफ मोड़ रहा था। इसके बाद महिला ने फ्लाइट क्रू से इसकी शिकायत भी की।

बिजनसमैन ने माफी भी मांगी :
महिला की शिकायत पर क्रू मेंबर ने आरोपी से सीट बदलने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। बाद में फ्लाइट कैप्टन को विवाद सुलझाने के लिए आना पड़ा। उसने महिला को दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया। साथ ही कैप्टन ने चेन्नै एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से बात करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीईआईएसएफ ने आरोपी शख्स को हिरासत में लेकर एयरपोर्ट पुलिस के सुपुर्द कर दिया। महिला ने लिखित शिकायत फाइल करने से मना कर दिया और पुलिस को आरोपी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ने के लिए कह दिया। पुलिस ने बताया कि बिजनसमैन ने इसके लिए माफी भी मांगी।