नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरव्यवसायशहर और राज्य

बाल्या बिनेकर हत्याकांड: सबूत जुटाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ले रही पुलिस

नागपुर: जुआ अड्डा संचालक बाल्या बिनेकर हत्याकांड के प्रकरण में आरोपियों की शनिवार को पुलिस रिमांड की समय सीमा समाप्त होने पर तीसरी बार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने फिर सभी आठ आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। प्रकरण की जांच पुलिस उपायुक्त विनीता साहू के मार्गदर्शन में सीताबर्डी के थानेदार जग्वेंद्रसिंह राजपूत और सहयोगी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस प्रकरण में पुलिस तकनीकी स्तर पर भी सबूत जुटाने का कार्य कर रही है। इसके लिए शहर के साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
इस हत्याकांड में अब पुलिस ने गवाहों के भी बयान लेना शुरू कर दिया है। पुलिस का मानना है कि, कई बार ऐसे मामले में गवाही में समय के साथ बदलाव होते देखा गया है, इसीलिए पुलिस इस मामले में काफी सोच विचार कर कदम आगे बढ़ा रही है। इस हत्याकांड के मास्टर माइंड के बारे में पुलिस अभी तक कोई विशेष कामयाबी हासिल नहीं कर पाई है। जिन आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया है। उनके घर की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। सूत्रों का कहना है कि, इस घटना के पीछे किसी और दिमाग ने कार्य किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी इस बात को लेकर काफी गंभीर हैं। वह भी चाहते हैं कि, इस घटना से जुड़ी हर एक कड़ी सामने आए। हालांकि सीताबर्डी पुलिस इस मामले में आने वाले समय में जल्द ही चार्जशीट पेश करेगी।