चुनावी हलचलदिल्लीदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीति

भाजपा के महिला मेलावा में विपक्षियों पर बरसीं,विदेश मंत्री सुषमा स्वराज..

कहा , क्या हमारे जवानों को आतंकवादी शिविरों पर बम गिराने के बाद शव गिनने चाहिए या हवाई हमला करने के बाद सुरक्षित लौटना चाहिए?

नेटवर्क महानगर (राजेश जायसवाल) : मुंबई, रविवार को षणमुखानंद सभागृह में भाजपा की ओर से एक भव्य महिला मेलावा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा की वरिष्ठ नेता और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बड़ी संख्या में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए संकेत दिया कि 14 फरवरी को पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सेना की कार्रवाई सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक चुनावी मुद्दा होगा। विदेश मंत्री ने कहा, हमें सवाल पूछने चाहिए कि क्या हमारे जवानों को आतंकवादी शिविरों पर बम गिराने के बाद शव गिनने चाहिए या हवाई हमला करने के बाद सुरक्षित लौटना चाहिए? भाजपा कार्यकर्ताओं को उन लोगों से सवाल पूछने चाहिए जिन्होंने हमारे हवाई हमले के असर को लेकर संदेह जताए।
गौरतलब है कि 26 फरवरी को हवाई हमले राजनीतिक विवादों के केंद्र में है। विपक्षी दल नरेंद्र मोदी सरकार से जैश-ए-मोहम्मद के ठिकाने पर बम गिराने के बाद मृतकों की संख्या का सबूत मांग रहे हैं। स्वराज ने कहा, हमें (भाजपा) को सवाल पूछने चाहिए कि क्या आप (मतदाता) उन दलों का समर्थन करेंगे जो अलगाववादियों के साथ हैं। हमें लोगों से पूछना चाहिए कि क्या वे उन लोगों के लिए वोट देना चाहते हैं जिन्होंने हमारे जवानों की वीरता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हमारे पास दो पर्चें होंगे जिनमें से एक में सवालों के जवाब में तार्किक बयान होंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार अभियान के दौरान इसका इस्तेमाल करना चाहिए। दूसरा पर्चा महिलाओं के लिए सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में होगा। दोनों पर्चें जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ की।
उक्त महिला सभा को राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने भी सम्बोधित किया।