महाराष्ट्रमुंबई शहर

भाजपा विधायक लाड के घर के बाहर रुपयों और गहनों से भरा बैग मिलने से फ़ैली सनसनी! खंगाले जा रहे CCTV कैमरे; जांच में जुटी पुलिस

मुंबई,(राजेश जायसवाल): भाजपा विधायक प्रसाद लाड के घर के बाहर रविवार सुबह रुपयों से भरा एक चोरी किया बैग बरामद हुआ है। इस बैग में रुपये-सिक्के के आलावा सोने के गहने और चांदी की मूर्तियां तथा कई लोटे मिले हैं। इस बैग को किसने और कब रखा? इसकी जांच मुंबई पुलिस की तरफ से की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, किसी अनजान व्यक्ति ने विधायक लाड के घर के बाहर रुपयों और गहनों से भरा बैग रखा है। विधायक को इमारत के सिक्योरिटी गार्ड ने इस बाबत जानकारी दी।

तत्काल पुलिस को सूचना दी
सुबह जैसे ही घर के बाहर बैग मिलने की सूचना प्रसाद लाड को मिली। उन्होंने फौरन इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बैग के विषय में पूरी जानकारी हासिल की। फिलहाल, पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है। लाड के घर के आसपास के तमाम CCTV कैमरों की भी छानबीन की जा रही है।
बता दें कि मुंबई के माटुंगा इलाके में प्रसाद लाड का घर है। आज सवेरे उनके घर के बाहर नकदी, सिक्के, गणपति की मूर्ति आदि से भरा बैग मिला है। मीडिया से बात करते हुए भाजपा विधायक ने बताया कि पुलिस ने आज सुबह साढ़े पांच बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को मेरे घर के पास से गुजरते देखा। हालांकि, जब अधिकारी उस व्यक्ति के पास पहुंचे, तो वह तुरंत भाग गया और बैग को मेरे आवास के बाहर छोड़ दिया। कल यह कुछ घातक भी हो सकता है।

बैग ने फैलाई दहशत!
भाजपा विधायक प्रसाद लाड के घर के बाहर बैग बरामद होने के बाद लोगों में काफी डर व्याप्त हो गया था। लोग यह सोच रहे थे कि कहीं इस बैग में विस्फोटक जैसी कोई चीज ना हो।
दरअसल, आज आषाढ़ी एकादशी है। जिसके चलते आज महाराष्ट्र का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय है। ऐसे में, इस भक्ति के रंग में कोई भंग न मिला दे। लिहाजा इमारत के आसपास के लोगों के मन में खौफ का माहौल देखा गया। विधायक के घर के बाहर सुरक्षा होने के बावजूद इस तरह से बैग का मिलना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। फिलहाल, मामले की जांच पुलिस कर रही है और भाजपा विधायक प्रसाद लाड के घर के बाहर पुलिस मौजूद है। वहीँ विधायक प्रसाद लाड ने भी कहा कि कल यह कुछ घातक हो सकता है?