दिल्लीपंजाबब्रेकिंग न्यूज़

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन, रोका गया मार्च

अमृतसर: पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का आज निधन हो गया है। वे ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए थे जहां वे अचानक बीमार पड़ गए।आनन-फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। वह कांग्रेस के लोकसभा सांसद राहुल गांधी के साथ चल रहे थे, इसी बीच उनकी धड़कन तेज हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से आरंभ हुई थी। यात्रा सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया में पहुंचने वाली थी, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम होता। उसके बाद शाम 3 बजे यात्रा को फिर से आरंभ होती और शाम 6 बजे फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकती। आज यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था, परन्तु आज सुबह लगभग साढ़े 9 बजे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के देहांत के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। हालांकि, अभी तक कांग्रेस की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है कि आज यात्रा को रोका जाएगा या फिर राहुल गांधी फिर यात्रा में शामिल होंगे।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान हुईं मौतें!
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस सेवादल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडे (75) का भी 8 नवंबर, 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन हो गया था। वे राहुल गांधी के साथ चल रहे थे और अचानक गिर पड़े, जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया जाता, तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता गणेश पोन्नरमन की 12 नवंबर 2022 को ट्रक द्वारा टक्कर मारे जाने से मौत हो गई थी। इसी तरह मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 25 नवंबर को सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह को कार ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी।
इसके अलावा 3 दिसंबर 2022 को मध्य प्रदेश के जिला राजगढ़ के जीरापुर के कांग्रेस कार्यकर्ता 55 वर्षीय मांगीलाल शाह का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। मांगीलाल भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।

तमाम नेताओं ने किया शोक व्यक्त
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी का निधन, संगठन के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने अपने ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा- सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से काफी हैरान और दुखी हूं। उनका चले जाना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। उनके परिवार और परिजनों को मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आतमा को शांति दें।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट में कहा- 76 साल के जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे, यात्रा के बारे में जानकारी शीघ्र ही साझा की जाएगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा- जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा- कांग्रेस सांसद श्री संतोख सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।