ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पहली कैबिनेट बैठक में शिंदे का फैसला- आपदा प्रभावित किसानों को दोगुनी मदद देगी सरकार

मुंबई: महाराष्ट्र में पिछले दो महीनों से अतिवृष्टि और जोरदार बारिश के कारण फसलों का हुए नुकसान के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने आपदा प्रभावित किसानों को मदद देने का फैसला लिया है।
बुधवार को मंत्रालय में मंत्रिमंडल ने आपदा प्रभावित किसानों को केंद्र सरकार के एनडीआरएफ की मदद निधि की तुलना में दोगुना मदद राशि उपलब्ध कराने के लिए मंजूरी दी है। इसके साथ ही किसानों को दो हेक्टेयर के बजाय अब तीन हेक्टेयर तक क्षेत्र के लिए नुकसान भरपाई दी जाएगी।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण लगभग 15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों का नुकसान हुआ है। आपदा प्रभावित किसानों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (एनडीआरएफ) के नियमों के अनुसार प्रति हेक्टेयर लगभग 6 हजार 800 रुपए मदद राशि दी जाती थी। लेकिन मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार आपदा प्रभावित किसानों को अब प्रति हेक्टेयर 13 हजार 600 रुपए की मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही किसानों को मदद के लिए दो हेक्टेयर की सीमा को शिथिल करके तीन हेक्टेयर कर दिया गया है। यानी तीन हेक्टेयर तक हुए नुकसान के लिए किसानों को आर्थिक मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि यह एक विशेष मामले के तहत किसानों को अधिक मदद राशि देने का फैसला लिया गया है। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर नुकसान भरपाई की राशि मिल सकेगी।