ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश: प्रियंका ने फूंका चुनावी बिगुल, कहा- पुरानी पेंशन लागू करेंगे, किसानों की कर्ज माफी हमारी गारंटी

जबलपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को जबलपुर की शहीद स्मारक मैदान से कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। यहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम पुरानी पेंशन को लागू करेंगे, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रति ‘महान नारी सम्मान’ निधि दी जाएगी। साथ ही किसानों की जो कर्ज माफी कमलनाथ सरकार के समय प्रारंभ हुई थी, उसे पूर्ण किया जाएगा यह मेरी गारंटी है। उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक और हिमाचल में भी जो गारंटी दी थी उन्हें पूरा किया है।

बिजली बिल माफ करने की घोषणा
प्रियंका गांधी ने कहा कि हम मध्य प्रदेश में पुरानी पेंशन लागू करेंगे। मध्य प्रदेश में 100 यूनिट बिजली माफ होगी और 200 यूनिट बिजली बिल हाफ होगी।

शिवराज सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिवराज सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां पर भ्रष्टाचार रिश्वत वाद चल रहा है और 225 से ज्यादा घोटाले हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं बचा, जहां घोटाला ना हुआ हो। उन्होंने कहा कि अब तो किसानों के मुआवजा वितरण तक में घोटाला हो गया।
प्रियंका गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के लिए कुछ भी करते हैं। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में हमारे भी कुछ ऐसे नेता थे, जो सत्ता के लिए हमे छोड़कर चले गए और अपनी विचारधारा बदल लिए।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के दिलों में आपके लिए कोई आस्था नहीं है। यहां आकर घोषणाएं करते हैं, उन्हें पूरा नहीं करते हैं। बड़ी-बड़ी बाते होती हैं, डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की बाते होती हैं। ये हिमाचल और कर्नाटक में भी यही कहते थे। जनता ने इन्हें दिखा दिया कि ये डबल इंजन की बाते बंद करो और काम करो नहीं तो निकाल देंगे।

प्रियंका ने नर्मदा तट पर की पूजा-अर्चना
इससे पहले प्रियंका ने नर्मदा तट पर पूजा-अर्चना की। वह सोमवार को डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस साल के अंत में राज्य में विधानसभा चुनाव होना है।

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने किया था अच्छा प्रदर्शन
बता दें कि जबलपुर महाकौशल क्षेत्र के केंद्र में है, जहां आदिवासी मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। 2018 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने आठ-जिला संभाग में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 13 सीटों में से 11 पर जीत हासिल की थी, जबकि शेष दो सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी।