पुणेब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मशहूर अभिनेता श्रीराम लागू का 92 साल की उम्र में निधन…

पुणे: हिंदी और मराठी फिल्मों के मशहूर अभिनेता श्रीराम लागू का मंगलवार को पुणे में निधन हो गया। वह 92 साल के थे। उनका पिछले कुछ दिनों से पुणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा पाने में असफल रहे। श्रीराम लागू के रिश्तेदार सुनील महाजन ने बताया कि शाम लगभग साढ़े सात बजे पुणे में उन्होंने अंतिम सांस ली।
श्रीराम लागू न सिर्फ उम्दा ऐक्टर थे बल्कि वह एक पेशेवर ईएनटी सर्जन भी थे। श्रीराम लागू ने 100 से ज्यादा हिंदी और मराठी फिल्में कीं। करीब 40 मराठी, हिंदी और गुजराती नाटक किए। इसके अलावा उन्होंने तकरीबन 20 मराठी प्ले डायरेक्ट भी किए। उनका हिंदी और मराठी सिनेमा में अहम योगदान रहा। उन्हें मराठी मंच के महानतम कलाकारों में गिना जाता है। लागू ने घरौंदा, लावारिस, हेराफेरी, एक दिन अचानक जैसी फिल्मों में महत्वपूर्ण किरदार निभाए।
श्रीराम लागू नाक, कान और गले के सर्जन भी रहे मगर 1969 में वह पूरी तरह मराठी थिएटर से जुड़ गए। ‘नटसम्राट’ नाटक में उन्होंने अप्पासाहेब बेलवलकर की भूमिका निभाई थी जिसे मराठी थिएटर के लिए मील का पत्थर माना जाता है।
1978 में हिंदी फ़िल्म घरौंदा के लिए उन्हें फ़िल्मफ़ेयर का बेस्ट सपॉर्टिंग एक्टर अवॉर्ड मिला था।