दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: गृहमंत्री देशमुख बोले- सुशांत की हत्या हुई या आत्महत्या, CBI जल्द से जल्द अपनी फ़ाइनल रिपोर्ट दे

गृहमंत्री का आरोप- बिहार चुनाव के लिए महाराष्ट्र को किया गया बदनाम

मुंबई: महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में एक पार्टी ने सुपारी लेकर महाराष्ट्र को बदनाम करने की ओछी राजनीति की। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के लिए महाराष्ट्र को बदनाम किया गया। इससे महाराष्ट्र की अस्मिता को ठेस पहुंची है। मंगलवार को विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में देशमुख ने कहा कि एम्स की रिपोर्ट में सुशांत की हत्या की आशंका से इनकार कर दिया गया है। इसलिए छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र को बदनाम करने वालों को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। यदि वे लोग माफी नहीं मांगते हैं, तो उन्हें महाराष्ट्र की जनता माफ नहीं करेगी।
गृहमंत्री देशमुख ने कहा कि मुझे ताज्जुब है कि महाराष्ट्र का पांच साल तक नेतृत्व करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बयान दिया था कि मुंबई पुलिस ने सुशांत मौत मामले की जांच ठीक से नहीं की। देशमुख ने भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी फडणवीस से सवाल पूछा कि क्या वह बिहार के तत्कालीन डीजीपी और जेडीयू के नेता गुप्तेश्वर पांडेय के चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे? जिन्होंने महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को बदनाम किया था।
देशमुख ने अभिनेत्री कंगना रनौत को कठपुतली करार दिया। उन्होंने कहा कि सुशांत मामले में भाजपा ने कठपुतली को अपने ताल पर नचाया। इस कारण महाराष्ट्र को बदनामी झेलनी पड़ी। देशमुख ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में सोशल मीडिया और तीन से चार न्यूज चैनलों द्वारा महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को बदनाम करने की कोशिश की गई है। इसकी जांच साइबर क्राइम पुलिस से कराई जाएगी। देशमुख ने कहा कि सीबीआई को सुशांत मामले की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द देना चाहिए। देश बेसब्री से सीबीआई जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

भाजपा-फडणवीस जांच के लिए तैयारः भातखलकर
वहीँ गृहमंत्री अनिल देशमुख के आरोपों पर भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने पलटवार करते हुआ कहा कि देशमुख का भाजपा पर लगाया गया आरोप हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि देशमुख ने फडणवीस पर महाराष्ट्र को बदनाम करने का झूठा आरोप लगाया है। भाजपा और फडणवीस किसी भी जांच के लिए तैयार है। भातखलकर ने कहा कि सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अधिकृत नहीं आने के बावजूद देशमुख भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने अपने निष्क्रिय कामकाज से महाराष्ट्र को बदनाम किया है। भातखलकर ने कहा कि देशमुख महाआघाडी नाम के सर्कस के जोकर बनने की कोशिश कर रहे हैं।