नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

महाराष्ट्र: नागपुर के महापौर संदीप जोशी पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने कार पर तड़तड़ाई गोलियां, परिवार समेत बाल-बाल बची जान

महापौर संदीप जोशी की कार पर लगी गोलियों के निशान

नागपुर: नागपुर के महापौर संदीप जोशी की कार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। मंगलवार देर रात बदमाशों ने कार पर तीन राउंड फायरिंग किया। हमले में महापौर समेत उनका परिवार बाल-बाल बच गया। घटना वर्धा रोड पर एम्प्रेस पैलेस के पास की है।
पुलिस के मुताबिक, महापौर परिवार के साथ किसी काम से गए थे। लौटते समय बदमाशों ने उनकी कार पर फायर किए। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, 4 दिसंबर को महापौर को जान से मारने की धमकी का पत्र मिला था। इसकी शिकायत सदर थाने में की गई थी।

क्या बोले अधिकारी
अधिकारी ने बताया कि जोशी के 30 से अधिक दोस्त उस पार्टी में शामिल हुए थे और वे सब 10-15 वाहन से वापस लौट रहे थे। काफिले में जोशी की कार सबसे पीछे थे। जैसे ही उनकी कार बाहरी रिंग रोड और वर्धा रोड के एक जंक्शन पर पहुंची, तभी मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने उनके वाहन पर तीन गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

कार की खिड़की पर लगी गोली
उन्होंने बताया कि एक गोली उनकी कार की चालक की खिड़की पर लगी, एक पीछे की सीट की खिड़की पर और तीसरी गोली कार की पीछे की विंडशील्ड पर लगी। अधिकारी ने कहा, जोशी को कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने तुरंत कार रोक कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेल्थरा रोड पुलिस थाने के सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने साक्ष्य एकत्र किए।

अतिक्रमण हटाने से जुड़ा हो सकता है मामला?
महापौर पदभार संभालते ही अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं। माना जा रहा है कि ये कार्रवाई कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। महापौर संदीप जोशी ने बताया कि दो लोग एक वाहन में आए और मेरी कार पर तीन राउंड गोलियां चलाईं।