ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रशहर और राज्य

महाराष्ट्र: निजी अस्पताल के बायो गैस प्लांट से मासूमों की 11 खोपड़ी और 54 हड्डियां बरामद! अवैध गर्भपात का शक

वर्धा: महाराष्ट्र में वर्धा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां शहर के एक निजी अस्पताल परिसर में बुधवार को भ्रूणों की 11 खोपड़ी और 54 हड्डियां मिली हैं। अवैध गर्भपात के एक मामले की जांच करने अस्पताल पहुंची पुलिस को यह मानव अवशेष मिले हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को अरवी तहसील के कदम अस्पताल के परिसर में स्थित बायोगैस संयंत्र की तलाशी ली। इसी तलाशी के दौरान उन्हें भ्रूणों की 11 खोपड़ी और 54 हड्डियां मिली हैं। पुलिस ने जांच के लिए इन हड्डियों को फॉरेंसिक लैब में भेजा है।
पुलिस के मुताबिक, उनकी जांच सही दिशा में चल रही है। जो यह पता लगाने में जुटी हुई है कि बरामद हड्डियां और खोपड़ियों को कानूनी रूप से या अवैध ढंग से निपटाया गया था। पुलिस को शक है कि यहां पर अवैध रूप से गर्भपात करवाए जाते हैं। वर्धा के अरवी थाने के निरीक्षक भानुदास पिडुरकर ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने 13 वर्षीय लड़की का अवैध गर्भपात करने के आरोप में अस्पताल की ही एक डॉक्टर रेखा कदम और एक नर्स को गिरफ्तार किया था।
इंस्पेक्टर भानुदास पिडुरकर के मुताबिक, एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने 9 जनवरी को डॉक्टर और नर्स को गिरफ्तार किया था। साथ ही एक नाबालिग लड़के के माता-पिता को भी गिरफ्तार किया गया था। जिससे कथित तौर पर संबंध के चलते लड़की गर्भवती हुई। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर 18 साल से कम उम्र की लड़की का गर्भपात कराने के बारे में अधिकारियों को सूचित नहीं किया था। वर्धा पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर के सास-ससुर के पास गर्भपात कराने का लाइसेंस है जो कि पेशे से डॉक्टर हैं। इस मामले में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किये गए हैं।