ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे और बच्चू कडू, दोबारा हुए कोरोना संक्रमित, अस्‍पताल में भर्ती…

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता एकनाथ खडसे और बच्चू कडू कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। दोनों ही दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुए हैं। पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे को बॉम्‍बे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। खडसे ने कहा, कोरोना संक्रमण के कारण ही बीते वर्ष नवंबर में भी भर्ती हुआ था। मैं दोबारा फिर कोरोना संक्रमित हो गया हूं। वैसे मैं ठीक महसूस कर रहा हूं।
जल संसाधन राज्य मंत्री बच्चू कडू भी इससे पहले बीते वर्ष के सितंबर माह में कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि, मैं दोबारा से कोरोना संक्रमित हो गया हूं, फिलहाल क्‍वारंटाइन में हूं। मेरे संपर्क में जो भी आए हैं, कृपया अपनी जांच अवश्‍य करवा लें।
वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में में बीते सप्‍ताह तापमान में अचानक गिरावट की वजह से COVID-19 मामलों की संख्‍या में इजाफा हो सकता है। पूर्वी विदर्भ में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण तापमान में गिरावट शुरू हो गई और इससे वायरस को ज्यादा तेजी से फैल रहा है और इससे COVID-19 मामलों की संख्या बढ़ रही है।

मुंबई में लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस के मामले
बता दें कि मुंबई महानगरपालिका ने कोविड नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शहर में मार्शल तैनात किए हैं। इसके अलावा कई पाबंदियां भी नागरिकों पर लगाई गईं हैं।
वहीँ मुंबई में कुछ लोग मार्शल्स के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। शनिवार को एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग मार्शल्स के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।
यह घटना मुंबई के जुहू बीच की है। जिसे लेकर मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, उन्हें इस काम का अधिकार दिया गया है। पुलिस ऐसे लोगों की तलाश करें और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। इस दौरान मेयर ने साफ कर दिया है कि जो भी SOP को नहीं मानेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर एक बिल्डिंग में 5 या उससे ज्यादा लोग कोविड पॉजिटिव जाते हैं, तो उसे सील कर दिया जाएगा। एसिम्प्टोमेटिक मरीजों को क्वारिंटीन सेंटर्स में भर्ती कराया जाएगा। गौरतलब है कि मुंबई में लगातार कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं।

इन जिलों में लॉकडाउन और कर्फ्यू
कोरोना संक्रमण को देखते हुए पूर्वी महाराष्ट्र के अमरावती और यवतमाल जिलों के अधिकारियों ने गुरुवार को वीकेंड लॉकडाउन सहित प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने की घोषणा की थी। यवतमाल में प्रशासन ने दस दिनों के लिए लोगों के समारोह और सभाओं पर रोक लगाने और स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया।

6 राज्यों ने बढ़ाई चिंता
केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। इसके चलते राज्य सरकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डेटा के अनुसार देश में 87 फीसदी मामले 6 राज्यों से मिले हैं। वहीं, महाराष्ट्र और केरल के बाद पंजाब ने भी चिंता बढ़ा दी है। बीते 7 दिनों में पंजाब में भी अचानक रोज मिल रहे मामलों में बढ़त देखी गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने ने बताया कि महाराष्ट्र में बीते कुछ हफ्तों में तापमान में गिरावट मामलों में बढ़त का कारण हो सकती है।