दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: वैष्णो देवी के दर्शन करने साइकिल से निकली 68 वर्षीय महिला, तय करेंगी 2200 किमी का सफर!

नयी दिल्ली/महाराष्ट्र: कोरोनो महामारी के कारण पांच महीने तक लाॅकडाउन के बाद जम्मू कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर को 16 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। मंदिर के खुलने के बाद तीर्थयात्रियों ने वहां पहुंचना शुरू कर दिया है। इसी बीच एक ऐसी महिला तीर्थयात्री की कहानी सामने आई है, जिनकी वैष्णो देवी मंदिर में गहरी आस्था, लोगों को भावुक कर देती है।
68 वर्षीय महिला रेखा देवभांकर जो महाराष्ट्र में अपने घर से 2200 किलोमीटर का कठिन सफर तय कर वैष्णो देवी तीर्थ स्थल के लिए निकल पड़ी हैं। उन्होंने 24 जुलाई को एक साधारण साइकिल से ही अपने सफर की शुरुआत की थी। रास्ते में एक कार चालक ने साइकिल चलाती बुजुर्ग महिला से रोक कर सवाल किया तो पता चला की वह 2200 किलोमीटर का सफर तय कर वैष्णो देवी जा रही हैं।
रेखा देवभांकर एक दिन में 40 किलोमीटर साइकिल चलाती हैं, वह रात में सफर नहीं करती हैं। उनके पास एक साधारण लेडी साइकिल है जिसके आगे और पीछे एक लगेज कैरियर बनाया गया है। इसमें उन्होंने अपनी जरूरत का सभी सामान रखा है। उन्होंने अपने साथ कुछ खाने-पीने का सामान भी रखा था। जब वे साइकिल चलाते थक जाती हैं, तो रास्ते में थोड़ी देर रुक कर पानी पीती हैं और आराम करती हैं। इस तरह वह एक दिन में लगभग 40 किलोमीटर का सफर तय कर रही हैं।
कुछ दिनों पहले ट्विटर पर उनका यह वीडियो वायरल हो गया जिसके बाद इसे 26,000 लाइक और 8 हजार रीट्वीट मिल चुके हैं। ट्वीटर यूजर इस बुजुर्ग महिला की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।