महाराष्ट्र सरकार की अपील- घर में रहकर मनाएं नए साल का जश्न
मुंबई: ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए रूप के सामने आने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने लोगों से घरों में रहकर नए साल का जश्न मनाने की अपील की है। सरकार ने लोगों को फिर से याद दिलाया कि राज्य के सभी शहरों में पांच जनवरी तक रात्रि कर्फ्यू लागू है। यह कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। कहा कि लोग नए वर्ष का स्वागत बहुत ही सादगी से करें। लोगों को समुद्र तट सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर न जाने को कहा गया है। लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने को भी कहा गया है। एक सर्कुलर जारी कर सरकार ने नए साल के पहले दिन धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन पर रोक लगा दी है।
वहीं, कोरोना महामारी के प्रसार को रोकने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने प्रतिदिन बिना मास्क पहने 24 हजार लोगों को पकड़ने का लक्ष्य बनाया है। बीएमसी के अधिकारी इस लक्ष्य का 55 से 60 फीसद तक हासिल करने में सफल भी रहे हैं और अब तक 17.03 करोड़ का जुर्माना वसूला है। इसमें से करीब आठ करोड़ रुपये का जुर्माना पिछले एक महीने के भीतर वसूला गया है। बीएमसी ने बिना मास्क पहले लोगों को पकड़ने के लिए पूरी फौज खड़ी कर रखी है। गुरुवार को 13,235 लोग बिना मास्क के पकड़े गए, जिनसे 26.47 लाख का जुर्माना वसूला गया।
बता दें कि महानगर में अब तक 8.33 लाख लोग बिना मास्क के पकड़े जा चुके हैं, जिनसे कुल 17.03 करोड़ की रकम वसूली गई है। बीएमसी ने यह अभियान सितंबर में शुरू किया था। अक्टूबर से इसमें तेजी आई और दिसंबर में यह आक्रामक रूख अख्तियार कर लिया। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 25 नवंबर तक 9.28 करोड़ जुर्माना वसूला गया था। यह रकम बढ़कर 17.03 करोड़ हो गई है। बीएमसी के अधिकारियों का कहना है कि यही एक तरीका है, जिससे लोगों को एहतियात बरतने के लिए मजबूर किया जा सकता, ताकि वो घर से बाहर निकलें तो वायरस न फैलाएं।
