ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: सीएम शिंदे बोले- मानसून सत्र से पहले हो जाएगा मंत्रिमंडल का विस्तार

मुंबई: महाराष्ट्र के नए सीएम एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार देर रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं की शाह से मुलाक़ात के बाद यह तय माना जा रहा है कि इस हफ्ते राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
दरअसल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति कोविंद के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था। पीएम मोदी की दावत में शामिल होने मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद महाराष्ट्र सदन में पत्रकारों से बातचीत में इसकी पुष्टि की उनकी और फडणवीस की गृहमंत्री शाह से मुलाकात हुई। हालांकि, शाह से शिंदे मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर चर्चा होने के बारे में पूछने पर हँसते हुए कहा कि मंत्रिमंडल को लेकर वे मुंबई में चर्चा करेंगे और तय भी कर लेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार में कोई कानूनी बाधा नहीं है और न ही सुप्रीम कोर्ट ने विस्तार पर रोक लगाई है। इसलिए बहुत जल्द मंत्रिमंडल का विस्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र से पहले ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। उधर, उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने भी कह दिया कि मंत्रिमंडल विस्तार से सुप्रीम कोर्ट का कोई संबंध नहीं है और शीघ्र ही इसका विस्तार कर लिया जाएगा।