चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

महाराष्ट्र: 34 जिलों में हुए 12711 ग्राम पंचायतों के चुनाव, ‘आप’ की निकली लॉटरी, 100 जगहों पर लड़कर जीती 50 सीटें!

मुंबई: महाराष्ट्र में हुए ग्राम पंचायत चुनाव में ‘आम आदमी पार्टी’ ने भी अच्छी खासी सीटें जीती हैं।महाराष्ट्र की आप नेता प्रीति शर्मा मेनन ने बताया कि हमने राज्य में तकरीबन 100 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिसमें 50 से ज्यादा सीटों पर हमने जीत हासिल की है। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। उनके मुताबिक, विदर्भ में सबसे ज्यादा सीटें आप ने जीती हैं। वैसे आम आदमी पार्टी ने महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाड़ा, सातारा, बीड जैसी जगहों पर अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था।

CM केजरीवाल ने की तारीफ
आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पार्टी की महाराष्ट्र में इस जीत पर बधाई दी है।

बीजेपी को मिली सबसे ज्यादा सीटें
महाराष्ट्र के ग्रामीण भाग का यह चुनावी समर क्षेत्रीय पार्टियों के लिए काफी महत्वपूर्ण था। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने रुझानों के हिसाब से सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं। बीजेपी ने 3263 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) ने 2999 सीटों पर कब्जा जमाकर दूसरे पायदान पर है। वहीं कल तक पहले नंबर पर रही शिवसेना अब लुढ़क कर तीसरे नंबर पर आ चुकी है। शिवसेना की झोली में फिलहाल 2808 सीटें नज़र आ रही हैं। कांग्रेस चौथे नंबर पर जस की तस बनी हुई है और उनके खाते में 2151 सीटें फिलहाल नजर आ रही हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को 38 सीटें फिलहाल मिल रही हैं। वहीं स्थानीय उम्मीदवारों ने 2510 सीटों पर अपना कब्जा जमाया हुआ है। यह आंकड़ा 13833 सीटों में से 13769 सीटों का है।

एमवीए को मिली सबसे ज्यादा सीटें
महाराष्ट्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने यह दावा किया था कि बीजेपी पंचायत चुनाव में 6000 से ज्यादा सीटें जीतेगी उनका यह दावा फिलहाल पूरा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। अगर महाविकास अघाड़ी की बात करें तो सबसे ज्यादा सीटें एमवीए के खाते में आई है। फिलहाल अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है कई जगहों पर अभी भी मतगणना शुरू है चुनाव आयोग के मुताबिक शाम तक स्थिति स्पष्ट होने के आसार हैं।

34 जिलों में हुए 12711 ग्राम पंचायतों के चुनाव
महाराष्ट्र के 34 जिलों में हुए 12711 ग्राम पंचायतों के चुनाव के नतीजे आना शुरू हो चुके हैं। सभी ग्राम पंचायतों में मतों की गिनती की प्रक्रिया शुरू है। राज्य की 14234 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव हुए थे। जिसमें से 1523 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुनाव हुआ है।
राज्य का पहला चुनावी रिजल्ट सोमवार सुबह तकरीबन पौने नौ बजे के आसपास जाहिर किया गया था। हातकडंगले तहसील की जन स्वराज्य पार्टी के विधायक विनय कोरे के पैनल को पाडली गांव में जीत मिली है।

पृथ्वीराज चव्हाण का किला ध्वस्त
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और मिस्टर क्लीन के नाम से जाने जाने वाले पृथ्वीराज चव्हाण कराड का किला नहीं बचा पाए। वहां पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहरा दिया है। चर्चा है कि चव्हाण के खड़ूस स्वभाव के कारण यहां बीजेपी ने जीत हासिल की है।

जनता के इशारे को समझो वरना…
सामना ने बीजेपी को घेरते हुए लिखा है, ग्राम पंचायत चुनावों में महाविकास अघाड़ी ने मिलकर अच्छी खासी सीटों पर कब्जा जमाया है। एमवीए को मिले इस जनादेश के बाद बीजेपी को आइना दिखाते हुए सामना ने लिखा है कि ये रुझान नहीं तो और क्या है? ग्राम पंचायत चुनाव जनमत का रुझान ही होता है, यह स्वीकार कर लो नहीं तो महाराष्ट्र की जनता तुम्हें और धूल चटाए बिना नहीं रहेगी। ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के ‘कार्यकर्ताओं’ का हाथ पकड़कर महाराष्ट्र में राजनीतिक क्रांति नहीं की जा सकती। महाराष्ट्र की माटी कुछ अलग है। चलो, हवा आने दो! हालाँकि बीजेपी ने फिर भी सभी पार्टियों से ज्यादा सीटें जीती है।