ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई: मानखुर्द में 30 से 40 उपद्रवियों ने हाथ में तलवार-डंडे लेकर मचाया तांडव; 20-25 गाड़ियों के कांच फोड़े, मामला दर्ज, जाँच में जुटी पुलिस

मुंबई,(राजेश जायसवाल): मुंबई के मानखुर्द इलाके में देर रात दो समूहों में कुछ अनबन हुई। जिसके बाद तकरीबन 30 से 40 अज्ञात लोगों ने हंगामा करते हुए कॉलोनी में खड़ी बाइक, कार और ऑटो रिक्शा सहित कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सोमवार सुबह से धारा 144 लगा दी गई है। यहां एक साथ चार से ज्यादा लोगों के खड़ा होने पर मनाही है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 10.45 बजे मानखुर्द स्थित न्यू म्हाडा कॉलोनी के कोयना बिल्डिंग नंबर 104 के पास 30 से 40 लोग कॉलोनी में घुस गए और वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगे। इनके हाथों में लकड़ी के बांस और एल्यूमीनियम पाइप के अलावा तलवारें भी थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। उपद्रवियों ने सभी गाड़ियों के कांच को बुरी तरह से फोड़ा है। अचानक हुए इस हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, सूचना मिलने पर कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद से यहां कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 230/2022 कलम 143,145,147,148,149 भा.द.वि. 4,25 के अंतर्गत मामला दर्ज कर तेजी से जांच में जुटी है।

पुलिस ने की अफवाहों से बचने की अपील
मानखुर्द पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महादेव पांडुरंग कोळी ने बताया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और मैसेज सर्कुलेट हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। हालांकि, पुलिस इस संबंध में आज एक आधिकारिक बयान भी जारी कर सकती है।

स्थानीय लोगों ने किया प्रोटेस्ट
घटना से गुस्साए स्थानीय नागरिकों ने भी देर रात तक हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद पूरी रात मुंबई पुलिस के जवान इलाके में गस्त करते दिखाई दिए।

सपा नेता ने की सख्त कार्रवाई की मांग, बोले- कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे
समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने घटना की निंदा की है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए हिंसा की घटनाएं की जा रही हैं। आजमी ने कहा कि मानखुर्द इलाके के अलावा मलाड मालवणी इलाके में भी हिंसा की घटना हुई है। गाड़ियां तोड़ी गई हैं। तलवारे निकाली गई हैं। मुंबई पुलिस को घटना के बारे में पूरी जानकारी है। सरकार को इस पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

BJP सांसद ने घटना को बताया गंभीर
उत्तर-पूर्वी मुंबई लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद मनोज कोटक ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पीएमजीपी कॉलोनी में हुई हिंसा का मामला बेहद गंभीर है। सांसद ने कहा कि वे मामले पर नज़र बनाए हुए हैं और पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। कोटक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।