ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहर

मुंबई: अंधेरी यारी रोड पर इमारत का छज्जा गिरा, मलबे में दबकर 5 जख्मी

मुंबई: अंधेरी स्थित वर्सोवा यारी रोड पर इमारत की दूसरी मंजिल के दीवार का हिस्सा गिर जाने से पांच लोग मलबे में दब गए थे। सभी घायलों को मनपा के कूपर अस्पताल और प्राइवेट अंजुमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत स्थिर होने की जानकारी अस्पताल के आरएमओ ने दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यारी रोड पर स्थित सिल्वर स्ट्रीक अपार्टमेंट नामक सात मंजिला इमारत के पास निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य से होने वाली कम्पन के चलते इमारत का छज्जा गिर गया। इस दुर्घटना में 5 लोग जख्मी हो गए। इमारत का छज्जा गिरने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। दमकल जवानों के आने के पहले इमारत के गिरे छज्जे के मलवे में दबे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मनपा के आपातकालीन कक्ष द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, घायलों में नंदिनी सरोदे (16), दिवांजली आरोले (16) और सोफिया खान को मनपा के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि शौकत अंसारी (23) और अमन शाहू (16) को इलाज के लिए सोफिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत स्थिर होने की जानकारी कूपर और अंजुमन अस्पताल के आरएमओ ने दी। छज्जे के लटके हुए हिस्से को जेसीबी की सहायता से निकालने का काम किया जा रहा है। जमीन पर गिरे मलबे को भी मनपा पश्चिम विभाग द्वारा हटाने का काम चालू है।