महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: उद्धव सरकार पर BJP ने लगाया पक्षपात करने का आरोप…

मुंबई: पूरे देश में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन और विरोध में रैली, मोर्चा, प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में तिरंगा मार्च को अगस्त क्रांति मैदान से गिरगांव स्थित लोकमान्य तिलक के स्मारक तक जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन सरकार ने उन्हें अनुमति नहीं दी। दूसरी ओर उसी रूट से शनिवार को 28 दिसंबर को कांग्रेस को अगस्त क्रांति मैदान से गिरगांव तक मार्च निकालने की अनुमति दे दी। इसे लेकर बीजेपी ने ठाकरे सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है।
शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में बनी महाविकास आघाड़ी सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाते हुआ कहा कि बीजेपी को मोर्चा की अनुमति नहीं दी गई, जबकि दूसरे ही दिन उसी रूट पर कांग्रेस को मोर्चा प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि, राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने बीजेपी को मोर्चा की अनुमति नहीं दी, जिससे समर्थन मार्च को जनसभा में तब्दील करके उसे अगस्त क्रांति मैदान में ही समाप्त करना पड़ा। इससे साफ जाहिर है कि शिवसेना और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता किया है।
बीजेवाईएम, मुंबई की ओर से नागरिक संशोधन कानून के समर्थन में मार्च का नेतृत्व करने वाले तिवाना ने नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करने के लिए मुंबई की जनता का आभार व्यक्त किया है।