मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: उर्मिला मातोंडकर ने सीएम राहत कोष में दिए कांग्रेस से मिले 20 लाख!

मुंबई: अभिनेत्री से नेत्री बनीं उर्मिला मातोंडकर ने 20 लाख रूपये महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किए हैं। मातोंडकर ने ये 20 लाख उस 50 लाख रूपये से दान किए हैं जो कि उन्हें महाराष्ट्र कांग्रेस से लोकसभा चुनाव के समय चुनाव लडऩे के लिए फंड के तौर पर मिले थे। उर्मिला ने पिछले महीने ही शिवसेना का दामन थामा है। उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से मुंबई में चुनाव लड़ा था लेकिन वे भाजपा के गोपाल शेट्टी से चुनाव हार गईं थीं। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी।
चुनाव आयोग की गाइडलाइन्स के मुताबिक, उर्मिला मातोंडकर ने चुनावी खर्चों के लिए एक ज्वॉइंट खाता खोला था। कांग्रेस नेता अशोक सूत्रले उनके साथ ज्वॉइंट अकाउंट होल्डर थे। चुनाव आयोग के मुताबिक कोई भी उम्मीदवार चुनाव में सिर्फ 70 लाख रूपये तक की राशि ही खर्च कर सकता है। अप्रैल 2019 में महाराष्ट्र कांग्रेस ने उनके खाते में 50 लाख रूपये डाले थे। अकाउंट स्टेटमेंट के मुताबिक, 30 लाख रूपये चुनाव में खर्च हो गए थे। फिर इसके बाद पिछले साल जुलाई तक खाते में बचे 20 लाख रूपये महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर दिए गए।
महाराष्ट्र कांग्रेस के खजांची सुरेश शेट्टी ने कहा,उम्मीदवार को ये रकम चुनाव लडऩे के लिए दी गई थी। ये राशि पार्टी की थी। अगर कुछ भी राशि बचती है तो वह पार्टी को देनी होती है। मातोंडकर को भी ये राशि कांग्रेस को लौटानी चाहिए थी।
हालांकि उर्मिला मातोंडकर का कहना है कि उन्होंने ये दान महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोरात से बातचीत के बाद ही किया था। उन्होंने कहा, ये दान बालासाहेब थोरात की इजाजत से ही हुआ था। कुछ लोग इसमें भी सियासत ढूंढ रहे हैं। ये राशि महाराष्ट्र के लोगों की भलाई के लिए ही दान की गई थी।
इस पर थोरात ने कहा, उन्होंने मुझे सूचित किया था कि उन्होंने ये राशि सीएम रिलीफ फंड में दी है। बता दें कि महाराष्ट्र की महाविकास अघाडी सरकार ने उर्मिला मातोंडकर को विधान परिषद के लिए नामित किया है। हालांकि इस पर राज्यपाल की सहमति मिलना बाकी है।