ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई के वडाला इलाके में मिला अज्ञात महिला का तीन टुकड़ों में अधजला शव; मामला दर्ज, जाँच में जुटी पुलिस

मुंबई: मुंबई में हैवानियत की हदें पार करते हुए एक महिला की हत्या कर दी गई और उसके क्षत-विक्षत शव को बैग में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया। मुंबई पुलिस को वडाला इलाके में एक बैग में टुकड़ों में कटा हुआ एक महिला का अधजला शव मिला है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, वडाला इलाके में एक अज्ञात महिला का अधजला शव बैग में मिला। शव के कुछ हिस्से गायब है। अधिकारियों का अनुमान है कि महिला की उम्र लगभग 35 से 50 साल के करीब है। उसके सिर पर वार कर हत्या की गई है। उसका शरीर तीन टुकड़ों में बरामद हुआ है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीपीटी (मुंबई पोर्ट ट्रस्ट) की पेट्रोलिंग टीम ने वडाला इलाके में एक संदिग्ध बैग देखा। जांच करने पर उसमें महिला का जला हुआ शव मिला। फिर वडाला पुलिस स्टेशन को तुरंत इसकी सूचना दी गयी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए केईएम अस्पताल भेज दिया। वडाला पुलिस ने मुंबई गु.र.क्र.191/2023 आईपीसी की धारा 302, 209 के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या एक से दो दिन पहले की गई है। उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए बैग में छिपाकार यहां फेंका गया। बैग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीँ, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके अलावा मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपी तक पहुंचने के लिए अपनी तरफ से पूछताछ कर रही है।